IPL 2023: आरसीबी और विराट कोहली को बड़ा झटका, इंग्लैंड बल्लेबाज आईपीएल 2023 से बाहर, न्यूजीलैंड खिलाड़ी पर दांव!

IPL 2023: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने दिसंबर में आईपीएल नीलामी में 3.2 करोड़ रुपये की राशि के साथ टीम में शामिल किया था।

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: March 16, 2023 8:52 PM

Open in App
ठळक मुद्देदूसरे वनडे में क्षेत्ररक्षण के दौरान मांसपेशियों में चोट लगी थी।विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद आईपीएल के आगामी सत्र से हटना पड़ा।न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल को शामिल करने की कोशिश कर रहा है।

IPL 2023: इंग्लैंड के बल्लेबाज विल जैक बांग्लादेश में सीमित ओवरों की श्रृंखला के दौरान चोटिल होने के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र से बाहर हो गए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने दिसंबर में आईपीएल नीलामी में 3.2 करोड़ रुपये की राशि के साथ 24 साल के जैक को टीम में शामिल किया था।

‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ की रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘ इस महीने की शुरुआत में मीरपुर में बांग्लादेश के खिलाफ इंग्लैंड के दूसरे वनडे में क्षेत्ररक्षण के दौरान उनकी मांसपेशियों में चोट लगी थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ इस सप्ताह की शुरुआत में स्कैन (जांच) और विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद उन्हें आईपीएल के आगामी सत्र से हटना पड़ा।’’

इस रिपोर्ट के मुताबिक आरसीबी जैक की जगह टीम में न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल को शामिल करने की कोशिश कर रहा है। ब्रेसवेल आईपीएल नीलामी में एक करोड़ की आधार राशि के साथ शामिल हुए थे लेकिन उनके नाम पर किसी भी टीम ने बोली नहीं लगायी थी। आरसीबी की टीम दो अप्रैल को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी।

दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल के आगामी सत्र के लिए वार्नर को कप्तान बनाया

ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज डेविड वार्नर को ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सत्र के लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान नियुक्त किया गया। टीम के नियमित कप्तान पंत कार दुर्घटना में लगी गंभीर चोट से उबर रहे हैं और वह 31 मार्च से शुरू होने वाले आगामी सत्र में टीम में वापसी नहीं कर पायेंगे।

भारतीय हरफनमौला अक्षर पटेल दिल्ली टीम के उप-कप्तान होंगे। उन्होंने पिछले सत्र में भी यह जिम्मेदारी निभाई थी। दिल्ली कैपिटल्स ने भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) प्रमुख सौरव गांगुली को फ्रेंचाइजी का क्रिकेट निदेशक बनाने की घोषणा की। गांगुली इससे पहले भी 2019 सत्र के दौरान मेंटॅर की भूमिका में दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े रहे हैं।

यहां जारी विज्ञप्ति में वार्नर ने कहा, ‘‘ ऋषभ दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक शानदार कप्तान रहे हैं और हम सभी को उनकी कमी खलेगी। टीम प्रबंधन ने इस जिम्मेदारी के साथ मुझ पर जो विश्वास जताया है उस भरोसे के लिए मैं उन्हें शुक्रिया कहना चाहता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ इस फ्रेंचाइजी के साथ मुझे हमेशा घर जैसा महसूस हुआ है। मैं खिलाड़ियों के प्रतिभाशाली समूह के नेतृत्व को लेकर काफी उत्साहित हूं।’’

पंत के चोटिल होने के बाद वार्नर का कप्तान बनना पहले से ही लगभग तय था। पंत 2021 से इस टीम का नेतृत्व कर रहे थे। वह दिसंबर में दिल्ली से रुड़की जाते समय कार दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हो गये थे। इसके बाद मुंबई में उनके घुटने की सफल सर्जरी हुई। वार्नर भारत के खिलाफ मुंबई में शुक्रवार से शुरू होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए टीम में शामिल हैं।

 वह आईपीएल के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने 2009 के बाद से 13 सत्र के 162 मैचों में 5881 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 42.01 और स्ट्राइक रेट 140.69 का रहा है। उन्होंने चार शतक और 55 अर्धशतक भी लगाए हैं। वार्नर ने 2009 में दिल्ली की फ्रेंचाइजी (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) से ही अपने आईपीएल सफर की शुरुआत की थी।

वह 2013 में सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े और उनके नेतृत्व में टीम 2016 में चैम्पियन बनी। यह 36 साल का बल्लेबाज 2022 में फिर से दिल्ली की टीम से जुड़ा। पिछले सत्र में वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने पांच अर्धशतक और 48 के औसत से 432 रन बनाये थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 150.52 का रहा था।

इस बीच गांगुली भी दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी से जुड़ कर रोमांचित दिखे। उन्होंने कहा, ‘‘ पिछले कुछ महीनों में महिला टीम (दिल्ली कैपिटल्स) और प्रिटोरिया कैपिटल्स के साथ मेरा जुड़ाव शानदार रहा है। मैं आईपीएल के आगामी सत्र का इंतजार कर रहा हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली कैपिटल्स ने मेरे पिछले कार्यकाल के दौरान एक टीम के तौर पर अच्छा प्रदर्शन किया था।  उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में हम सभी का समय अच्छा बीतेगा। दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने अभियान का आगाज़ लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एक अप्रैल को करेगी। 

टॅग्स :आईपीएल 2023रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोरविराट कोहलीRCBइंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्डन्यूजीलैंड क्रिकेट टीम
Open in App

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या