IPL, MI Vs RCB: मुंबई इंडियंस ने दर्ज की सीजन की पहली जीत, बैंगलोर को 46 रनों से हराया

मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 14वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 46 रनों से हरा दिया।

By सुमित राय | Published: April 18, 2018 12:07 AM2018-04-18T00:07:32+5:302018-04-18T00:19:10+5:30

IPL 2018: Mumbai Indians beats Royal Challengers Bangalore by 46 run to Achieve first win in IPL | IPL, MI Vs RCB: मुंबई इंडियंस ने दर्ज की सीजन की पहली जीत, बैंगलोर को 46 रनों से हराया

IPL 2018: Mumbai Indians beats Royal Challengers Bangalore by 46 run to Achieve first win in IPL

googleNewsNext

मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2018 के 14वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 46 रनों से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने रोहित शर्मा (94) और ईविन लुईस (65) की धमाकेदार पारियों की बदौलत 20 ओवर में 213 रन बनाए। 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बैंगलोर की टीम विराट कोहली (नाबाद 92 रन) की बदौलत 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 167 रन ही बना सकी।

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैंगलोर टीम के सलामी बल्लेबाज विराट कोहली और क्विंटन डिकॉक (19) ने शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े। लेकिन 40 के स्कोर पर डिकॉक के आउट होने के बाद कोई भी बल्लेबाज टीक नहीं पाया। कोहली ने अपनी पारी में 62 गेंदों में सात चौके और चार छक्के लगाए।

पांचवें ओवर में मिशेल मैकलीनगन ने डिकॉक को आउट किया, इसके बाद उसी ओवर में डिविलियर्स (1) के पवेलियन भेजा दिया। मुंबई के गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट लेते रहे और किसी भी बल्लेबाज को क्रीज पर टिकने नहीं दिया, लेकिन दूसरी ओर कप्तान कोहली शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते रहे। मुंबई के लिए क्रुणाल ने तीन विकेट लिए, वहीं बुमराह और मैक्लेघन को दो-दो सफलताएं मिलीं। मयंक मार्कंडे को एक विकेट मिला।


इससे पहले रोहित शर्मा (94) और ईविन लुईस (65) की धमाकेदार पारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने बैंगलोर के सामने 214 रनों की विशाल चुनौती रखी थी। रोहित अपने शतक से चूक गए और आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हुए। अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या ने पांच गेंदों में 17 रन बनाकर मुंबई को 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 213 रनों के स्कोर तक पहुंचाया।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई टीम की शुरुआत खराब रही और बेंगलोर उमेश यादव ने पहले ओवर की पहली दो गेंदों पर मुंबई के दो विकेट गिरा दिए। उमेश ने पहली गेंद पर सूर्यकुमार यादव को बोल्ड किया और फिर दूसरी गेंद पर ईशान किशन को बोल्ड कर मुंबई को दूसरा झटका दिया।

इसके बाद मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने ईविन लुईस के साथ मिलकर मुंबई की पारी को संभाला और तेजी से रन बनाना शुरू किया। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 108 रनों की साझेदारी की। कोरी एंडरसन ने ईविन लुईस को आउट कर मुंबई को तीसरा झटका दिया। लुईस 42 गेंद खेलकर छह चौके और पांच चौके की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद क्रुणाल पांड्या 12 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाकर 148 के कुल स्कोर पर रन आउट हुए। वहीं आउट ऑफ फॉर्म चल रहे कीरन पोलार्ड सिर्फ पांच रन ही बना सके और क्रिस वोक्स का पहला शिकार बने। हालांकि दूसरी ओर रोहित शर्मा तेजी से रन बना रहे थे।

रोहित शर्मा आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर जब वह शतक से छह रन दूर थे, तब कोरी एंडरसन की गेंद पर क्रिस वोक्स को लॉन्ग ऑन कैच थमा बैठे। रोहित शर्मा ने अपनी पारी में सिर्फ 52 गेंदों का सामना किया और 10 चौके तथा पांच छक्के लगाए। बैंगलोर की ओर से उमेश यादव और कोरी एंडरसन ने दो-दो विकेट लिए, जबकि क्रिस वोक्स को एक विकेट मिला।

Open in app