दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में टीम के प्रदर्शन पर सीओए करेगा बैठक, कोहली सहित शास्त्री और रहाणे भी होंगे मौजूद

दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड दौरों पर टेस्ट मैचों में टीम इंडिया केवल चार बार 300 से ज्यादा रन बना सकी।

By विनीत कुमार | Published: October 07, 2018 3:48 PM

Open in App

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर: वेस्टइंडीज के खिलाफ अगले हफ्ते से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया के प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए प्रशासकीय समिति (सीओए) अहम बैठक कर सकती है। इसमें खासकर विदेशी दौरे पर प्रदर्शन को लेकर बात हो सकती है। माना जा रहा है कि इस बैठक में कप्तान विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे सहित मुख्य कोच रवि शास्त्री और मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद भी मौजूद रह सकते हैं।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार यह बैठक हैदराबाद में 10 और 11 अक्टूबर को हो सकती है। अखबार ने एक सूत्र का हवाला देते हुए लिखा, 'सीओए की टीम प्रबंधन के साथ चर्चा हो सकती है। इसमें टीम के दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और दुबई (एशिया कप) के दौरे पर बात हो सकती है। कप्तान विराट कोहली, उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे और मुख्य कोच रवि शास्त्री इसमें मौजूद होंगे। मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद भी मौजूद होंगे।'

इंग्लैंड से लौटने के बाद यह दूसरा बार होगा जब रवि शास्त्री के साथ सीओए की चर्चा होगी। हाल में 'मुंबई मिरर' की एक रिपोर्ट के अनुसार इंग्लैंड से लौटने के बाद शास्त्री और सीओए के बीच एक बार बैठक हो चुकी है।

टीम इंडिया इंग्लैंड दौरे पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी थी। साथ ही दक्षिण अफ्रीका में भी टेस्ट सीरीज में उसे हार मिली थी। दक्षिण अफ्रीका ने जहां भारत को 2-1 से हराया वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ उसे 4-1 से हार मिली।

दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड दौरों पर टेस्ट मैचों में 16 पारियों में टीम इंडिया केवल चार बार 300 से ज्यादा रन बना सकी। बर्मिंघम टेस्ट में तो भारतीय टीम 194 का लक्ष्य भी हासिल नहीं कर सकी थी। वहां साउथम्पटन में 245 के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 184 पर सिमट गई।

हालांकि, घर में टीम इंडिया प्रदर्शन शानदार रहा। भारत ने इसी साल अफगानिस्तान के डेब्यू टेस्ट में उसे पारी से हराया जबकि अभी वेस्टइंडीज को भी पहले टेस्ट में केवल तीन दिन में एक पारी और 272 रनों मात दी।

हाल में करुण नायर और मुरली विजय के मुद्दे पर भी इस बैठक में चर्चा हो सकती है। दोनों खिलाड़ियों ने खुद को टीम से हटाए जाने पर मीडिया में बयान दिये थे, जिसे लेकर काफी चर्चा भी हुई।

टॅग्स :विराट कोहलीबीसीसीआईरवि शास्त्रीअजिंक्य रहाणेकरुण नायरमुरली विजय

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या