केपटाउन टेस्टः बारिश की भेंट चढ़ा तीसरे दिन का खेल, चौथे-पांचवें दिन फेंके जाएंगे ज्यादा ओवर

भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच केपटाउन में खेला जा रहा पहला टेस्ट का तीसरा दिन बारिश में धुला

By अभिषेक पाण्डेय | Published: January 7, 2018 08:30 PM2018-01-07T20:30:40+5:302018-01-07T21:01:44+5:30

India vs South Africa, 1st Test: 3rd day play abandoned due to rain | केपटाउन टेस्टः बारिश की भेंट चढ़ा तीसरे दिन का खेल, चौथे-पांचवें दिन फेंके जाएंगे ज्यादा ओवर

भारत vs दक्षिण अफ्रीका पहला टेस्ट

googleNewsNext

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच केपटाउन में खेले जा रहे पहले टेस्ट का तीसरा दिन पूरी तरह से बारिश में धुल गया। रविवार को केपटाउन में हो रही बारिश की वजह से न्यूलैंड्स मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी और आखिरकार चायकाल के बाद तीसरे दिन का खेल रद्द करना पड़ा। 

रविवार को बारिश की संभावना जताई गई थी और सुबह ही बारिश शुरू हो गई। इसके बाद पूरे दिन बारिश होती रही। लंच के बाद कुछ देर के लिए बारिश रुकी भी, जिसके बाद ग्राउंड्समैन मैदान को  सुपर सॉपर से सुखाने की कोशिशों में लग गए। लेकिन लंच के बाद एक बार फिर से बारिश आ गई और आखिरकार चाय के बाद दिन का खेल रद्द करना पड़ा। 

चौथे-पांचवें दिन होगा अतिरिक्त खेल
तीसरे दिन के खेल के नुकसान की कुछ हद तक भरपाई के लिए चौथे और पांचवें दिन के खेल में 8-8 अतिरिक्त ओवर फेंके जाएंगे। यानी इन दोनो दिन निर्धारित 90 ओवरों के बजाय 98-98 ओवरों का खेल होगा।  


दक्षिण अफ्रीका के पास है 142 रन की बढ़त
दक्षिण अफ्रीका की टीम ने मैच के दूसरे दिन भारत पर 142 रन की बढ़त हासिल कर ली थी जबकि उसके दो विकेट गिरे थे। दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे दिन अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट पर 65 रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने तक हाशिम अमला 4 और कगीसो रबादा 2 रन बनाकर क्रीज पर थे।

दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 286 रन बनाए, जिसके जवाब में भारतीय टीम ने पहली पारी में 209 रन बनाए। इससे दक्षिण अफ्रीका को 77 रन की बढ़त हासिल हुई थी। 

दक्षिण अफ्रीका के लिए निराशाजनक खबर ये है कि नवंबर 2016 के बाद पहली बार टेस्ट खेल रहे उसके स्टार तेज गेंदबाज डेल स्टेन एक बार फिर से चोटिल हो गए हैं और पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं।

Open in app