भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेला जाना है। इस ग्राउंड पर न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड शानदार रहा है और भारतीय टीम ने कभी भी मैच नहीं खेला है, जो टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी है। न्यूजीलैंड की टीम ने माउंड माउंगानुई स्टेडियम में खेले गए आखिरी दो मैचों में जीत दर्ज की है और इसमें 300 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया है। ये दोनों मैच इसी महीने श्रीलंका के खिलाफ खेला गया था। बता दें कि नेपियर में खेले गए पहले वनडे मैच में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया था। पांच मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे चल रही है।
श्रीलंका के खिलाफ बनाए 371 रन
बे ओवल मैदान पर न्यूजीलैंड ने इस साल के शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ मैच खेला था। 3 जनवरी को खेले गए उस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 371 रन बनाए थे। हालांकि श्रीलंकाई टीम ने भी अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन मिडल ऑर्डर के फेल हो जाने के कारण टीम 49 ओवर में 326 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई और उसे 45 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
दूसरे वनडे में बनाए 300 रन
श्रीलंका के खिलाफ सीरीज का दूसरा वनडे भी बे ओवल मैदान पर खेला गया था। 5 जनवरी को खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 319 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम एक बार फिर पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई और 298 रनों पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका की ओर से तिसारा परेरा (140) और दानुष्का गुनातिलका (71) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया। श्रीलंका के 8 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए थे।
इस ग्राउंड पर खेले गए हैं 7 वनडे मैच
बे ओवल मैदान पर अब तक 7 वनडे मैच खेले गए है, जिनमें से 6 मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ थे और कीवी टीम ने तीन में जीत दर्ज की। इस ग्राउंड पर पहला वनडे मैच 28 जनवरी 2014 को कनाडा और नीदरलैंड्स के बीच खेला गया था, जिसमें नीदरलैंड ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। इस ग्राउंड पर दूसरा मैच न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच 21 अक्टूबर 2014 को खेला गया था और इस मैच में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
मैच | विजेता | मार्जिन | कब खेला गया मैच |
कनाडा vs नीदरलैंड्स | नीदरलैंड्स | 8 विकेट | 28 जनवरी 2014 |
न्यूजीलैंड vs साउथ अफ्रीका | साउथ अफ्रीका | 6 विकेट | 21 अक्टूबर 2014 |
न्यूजीलैंड vs साउथ अफ्रीका | साउथ अफ्रीका | 72 रन | 24 अक्टूबर 2014 |
न्यूजीलैंड vs श्रीलंका | न्यूजीलैंड | 36 रन | 5 जनवरी 2016 |
न्यूजीलैंड vs इंग्लैंड | इंग्लैंड | 6 विकेट | 28 फरवरी 2018 |
न्यूजीलैंड vs श्रीलंका | न्यूजीलैंड | 45 रन | 3 जनवरी 2019 |
न्यूजीलैंड vs श्रीलंका | न्यूजीलैंड | 21 रन | 5 जनवरी 2019 |
जेम्स नीशाम ने एक ओवर में बनाए थे 34 रन
श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में न्यूजीलैंड के जेम्स नीशाम ने कमाल की बल्लेबाजी की थी और 13 गेंदों में 6 छक्के की मदद से नाबाद 47 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक ओवर में 34 रन बटोरे थे। पारी के 49वें ओवर में नीशाम ने तिसारा परेरा को पांच छक्के लगाए। हालांकि वह छठी गेंद पर छक्का लगाने से चूक गए। परेरा के इस ओवर में ताबड़तोड़ 6, 6, 6, 6, नो बॉल 2, 6, 1 जोड़े थे।