India U19 vs Nepal U19, Super Six 2024: सचिन धास और कप्तान उदय सहारन की शतकीय पारी, नेपाल के सामने रन अंबार

India U19 vs Nepal U19, Super Six 2024: 202 गेंद में 2015 रन की यह साझेदारी टूर्नामेंट में भारत की ओर से सबसे बड़ी साझेदारी है।

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: February 02, 2024 6:52 PM

Open in App
ठळक मुद्दे107 गेंद की पारी में नौ चौके की मदद से 100 रन बनाये। टीम 14वें ओवर में 62 रन पर तीन विकेट गंवा कर संघर्ष कर रही थी। नेपाल के खिलाफ पांच विकेट पर 297 रन बनाये। 

India U19 vs Nepal U19, Super Six 2024: सचिन धास (116) और कप्तान उदय सहारन (100) की शतकीय पारियों और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 215 रन की साझेदारी के दम पर भारत ने आईसीसी अंडर 19 वनडे विश्व कप के ग्रुप एक के अपने आखिरी सुपर सिक्स मैच में शुक्रवार को यहां नेपाल के खिलाफ पांच विकेट पर 297 रन बनाये। धास और सहारन ने उस समय भारतीय पारी को संभाला जब टीम 14वें ओवर में 62 रन पर तीन विकेट गंवा कर संघर्ष कर रही थी। धास ने 101 गेंद की अपनी आक्रामक पारी में 11 चौके और तीन छक्के जड़े जबकि सहारन ने धैर्य से बल्लेबाजी करते हुए 107 गेंद की पारी में नौ चौके की मदद से 100 रन बनाये। दोनों के बीच 202 गेंद में 2015 रन की यह साझेदारी टूर्नामेंट में भारत की ओर से सबसे बड़ी साझेदारी है।

धास और सहारन के शतकों के बाद मौजूदा विश्व कप में भारत के लिए शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की संख्या पांच हो गयी हैं। भारत ने अब तक खेले पांच मैचों में चार में 290 से ज्यादा का स्कोर किया है जिसमें से टीम दो बार 300 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रही है। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को आदर्श सिंह ने 18 गेंद में 21 रन की पारी के साथ आक्रामक शुरुआत दिलाई लेकिन वह गुलशन झा की शॉट गेंद पर विकेटकीपर उत्तम मागर को कैच थमा बैठे। टीम को 14वें ओवर में तीन गेंद के अंदर दो झटके लगे।

अर्शीन कुलकर्णी (18) आकाश चंद का शिकार बने जबकि प्रियांशु मोलिया (19) रन आउट हुए। सहारन ने इसके बाद एक छोर से संभल कर बल्लेबाजी की जबकि बल्लेबाजी क्रम में पदोन्नत किये गये धास ने अपना आक्रामक तेवर जारी रखा। धास इससे पहले छठे या सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते थे।

उन्होंने 50 गेंद में टूर्नामेंट का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद ऑफ स्पिनर देव खनल के खिलाफ वाइड लांग ऑन पर छक्का लगाकर बड़े शॉट खेलने की अपनी प्रतिभा को दिखाया। वह सुभाष भंडारी की गेंद पर चौका लगाकर 99 के स्कोर तक पहुंचे और फिर अगली गेंद पर एक रन लेकर 93 गेंद में अपना शतक पूरा किया। सहारन ने आखिरी ओवर में गुलशन की गेंद पर एक रन चुरा कर शतक पूरा किया।

टॅग्स :आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कपटीम इंडियानेपालआईसीसी

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या