ICC Womens World Cup 2022: पाकिस्तान से मुकाबला, स्मृति मंधाना ने जड़ा 25वां वनडे अर्धशतक

ICC Womens World Cup 2022: आईसीसी महिला विश्व कप में भारत आज अपना पहला मैच खेल रहा है। भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान से हो रहा है।

By विनीत कुमार | Published: March 06, 2022 8:20 AM

Open in App

माउंट मॉन्गनुई (न्यूजीलैंड): आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप-2022 में भारत आज अपना पहला मुकाबला खेल रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ इस पहले मुकाबले में स्मृति मंधाना ने अर्धशतक लगाया है। यह उनका 25वां वनडे अर्धशतक है। मंधाना ने भारतीय पारी के 22वें ओवर की पांचवीं गेंद पर यह फिफ्टी लगाया। 

हालांकि वह अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ा सकीं और 25वें ओवर की पहली गेंद पर 52 रन बनाकर आउट हुईं। मंधाना का विकेट पाक गेंदबाज अनम अमिन ने लिया। आउट होने से पहले मंधाना ने 75 गेंदों की अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया।

India Vs Pakistan: भारत की खराब शुरुआत

भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि उसकी शुरुआत बेहद खराब रही। भारत को पहला झटका 4 रन पर ही लग गया जब शेफाली वर्मा बिना खाता खोले तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद बल्लेबाजी करने पहुंची दीप्ति शर्मा (40) ने मंधाना का अच्छा साथ निभाया और दोनों के बीच 92 रनों की साझेदारी हुई। दीप्ति ने 57 गेंदों की पारी में दो चौके लगाए।

मंधाना के अर्धशतक तक पहुंचने के अगले ही गेंद पर दीप्ति आउट हो गईं। उस समय भारत का स्कोर 96 रन था। ठीक दो रन बाद मंधाना भी पवेलियन लौट गईं। ऐसे में भारत 24.1 ओवर तक 98 रनों पर तीन विकेट गंवा चुका था।

भारत से वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

बता दें कि कोविड-19 महामारी के कारण आईसीसी वर्ल्ड कप एक साल बाद आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में भारतीय कप्तान मिताली राज भारत को खिताब दिलाकर अपने शानदार करियर का अंत करना चाहेंगी।

टूर्नामेंट लीग प्रारूप में खेला जा रहा है, जहां सभी आठ टीम एक दूसरे का सामना करेंगी जिनमें से शीर्ष पर रहने वाली चार टीम सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई करेंगी। भारत 2005 और पिछली बार (2017) का उप विजेता है। 

भारत अभी तक विश्व कप नहीं जीत पाया है और पिछली बार का उप विजेता इस बार उससे एक कदम आगे बढ़ना चाहेगा। माना जा रहा है कि मिताली और झूलन गोस्वामी का यह आखिरी विश्व कप होगा। पाकिस्तान ने अब तक चार विश्व कप में भाग लिया है जिनमें से तीन में वह सबसे निचले स्थान पर रहा।

टॅग्स :आईसीसी वीमेंस वर्ल्ड कपभारत vs पाकिस्तानस्मृति मंधानामिताली राजझूलन गोस्वामी
Open in App

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या