ICC U-19 World Cup: बीसीसीआई ने घोषित की 15 सदस्यीय भारतीय टीम, इस खिलाड़ी को मिली टीम की कमान

बीसीसीआई ने अगले साल दक्षिण अफ्रीका में खेले जाने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है।

By सुमित राय | Published: December 2, 2019 09:49 AM2019-12-02T09:49:28+5:302019-12-02T12:08:13+5:30

ICC U-19 World Cup: Four-time winner India announce U19 Cricket World Cup squad. Priyam Garg to lead the side | ICC U-19 World Cup: बीसीसीआई ने घोषित की 15 सदस्यीय भारतीय टीम, इस खिलाड़ी को मिली टीम की कमान

आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप का आयोजन अगले साल दक्षिण अफ्रीका में 17 जनवरी से 10 फरवरी तक किया जाएगा।

googleNewsNext
Highlightsआईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है।15 सदस्यीय टीम की कमान प्रियम गर्ग के हाथ में होगी, जबकि ध्रुव चंद जुरैल उपकप्तान हैं।भारतीय टीम 19 जनवरी को श्रीलंका के खिलाफ टूर्नामेंट की शुरुआत करेगी।

अगले साल साउथ अफ्रीका में आयोजित होने वाले आईसीसी अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम की घोषणा कर दी है। 15 सदस्यीय भारतीय टीम की कमान प्रियम गर्ग को दी गई है, जबकि ध्रुव चंद जुरैल टीम के उपकप्तान होंगे। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका दूसरी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा। इससे पहले वह 1998 में अंडर-19 वर्ल्ड कप की मेजबानी किया था।

बता दें कि आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप का आयोजन अगले साल दक्षिण अफ्रीका में 17 जनवरी से 10 फरवरी तक किया जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआती मुकाबले में मेजबान दक्षिण अफ्रीका का सामना अफगानिस्तान से द डायमंड ओवल मैदान में होगा। वहीं भारतीय टीम 19 जनवरी को ब्लोमफोंटेन में मैंगुंग ओवल मैदान में श्रीलंका के खिलाफ टूर्नामेंट की शुरुआत करेगी।

इसके बाद भारतीय टीम 21 और 24 जनवरी को क्रमश: जापान और न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। फाइनल मुकाबला नौ फरवरी को खेला जाएगा। पिछले चरण की उप विजेता और तीन बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सामना ग्रुप बी मुकाबले में वेस्टइंडीज से होगा, जिसमें इंग्लैंड और पदार्पण कर रही नाइजीरिया भी शामिल है।

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम सबसे सफल रही है और टीम इस बार डिफेंडिंग चैंपियन भी है। भारतीय टीम ने चार बार यह खिताब अपने नाम किया है। भारतीय टीम ने साल 2018 पृथ्वी शॉ की कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। भारतीय टीम ने इससे पहले साल 2012 में उन्मुक्त चंद की कप्तानी में, साल 2008 में विराट कोहली की कप्तानी में और साल 2000 में मोहम्मद कैफ की कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था।

आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप के लिए इस बार 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप में रखा गया है। मौजूदा चैंपियन भारत को ग्रुप ए में जगह मिली। टूर्नामेंट में नाइजीरिया और जापान की टीमें पहली बार हिस्सा ले रही हैं।

चार ग्रुप में बांटी गई हैं टीमें

ग्रुप ए: भारत, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, जापान
ग्रुप बी: ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, वेस्ट इंडीज, नाइजीरिया
ग्रुप सी: पाकिस्तान, बांग्लादेश, जिम्बाब्वे, स्कॉटलैंड
ग्रुप डी: अफगानिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात, कनाडा


अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम:प्रियम गर्ग (कप्तान), ध्रुव चंद जुरैल (उपकप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल, तिलक वर्मा, दिव्यांश सक्सेना, शाश्वत रावत, दिवांश जोशी, शुभांग हेगड़े, रवि विश्नोई, आकाश सिंह, कार्तिक त्यागी, अथर्व अनकोलेकर, कुमार कुशाग्रा (विकेटकीपर), सुशांत मिश्रा और विद्याधर पाटिल।

Open in app