इंग्लैंड ने ठोके 250, न्यूजीलैंड ने 216 रन, दक्षिण अफ्रीका ने एक ही दिन में महिला टी20 में लुटाए 466 रन

Women's T20 International: इंग्लैंड, न्यूजीलैंड ने एक ही दिन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रनों का अंबार लगाते हुए रचा इतिहास

By अभिषेक पाण्डेय | Published: June 21, 2018 10:42 AM2018-06-21T10:42:06+5:302018-06-21T11:02:27+5:30

England, New Zealand Shatter Women's T20 international Record vs South Africa | इंग्लैंड ने ठोके 250, न्यूजीलैंड ने 216 रन, दक्षिण अफ्रीका ने एक ही दिन में महिला टी20 में लुटाए 466 रन

इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया महिला टी20 का सबसे बड़ा स्कोर

googleNewsNext

टॉन्टन, 21 जून: इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 ट्राएंगुलर सीरीज में 20 ओवर में 3 विकेट पर 250 रन बनाते हुए इतिहास रच दिया। ये महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। 

संयोग से इस मैच से महज छह घंटे पहले ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 216/1 के स्कोर के साथ ये विश्व रिकॉर्ड बनाया था, जिसे कुछ ही घंटों बाद इंग्लैंड ने अपने नाम कर लिया। इससे पहले महिला टी20 में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम थे जिसने इसी साल मार्च में मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ 4 विकेट पर 209 रन बनाए थे। 

इसका मतलब है कि दक्षिण अफ्रीकी टीम ने एक ही दिन में 40 ओवर में 4 विकेट की कीमत पर 466 रन लुटाए। उसे एक ही दिन में न्यूजीलैंड से 66 रन और इंग्लैंड से 121 रन से करारी शिकस्त मिली।

पढ़ें: पाकिस्तान का ये स्टार बल्लेबाज हुआ डोप टेस्ट में फेल, 'गांजा' पीने का आरोप

तीन देशों के इस टी20 टूर्नामेंट में एक दिन में दो मैच खेले जा रहे हैं। इसीलिए बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड और न्यूजीलैंड दोनों ने ही मैच खेले और रनों का अंबार लगा दिया। बैटिंग के लिए मुफीद विकेट पर दक्षिण अफ्रीका गेंदबाजों के खिलाफ एक ही दिन में दो बार विश्व रिकॉर्ड बना। 


पहले न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की उड़ाईं धज्जियां

पहल न्यूजीलैंड ने कप्तान सूजी बेट्स (66 गेंदों में 124 रन) के तूफानी शतक की बदौलत 20 ओवर में 1 विकेट पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा करते हुए रिकॉर्ड बनाया। हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ 4 विकट पर 490 रन बनाकर महिला वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली किवी टीम ने इस मैच में दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया। इसके बाद न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 20 ओवर में 6 विकेट पर 150 के स्कोर पर रोकते हुए 66 रन से शानदार जीत हासिल की। 

फिर इंग्लैंड ने किया दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों का बुरा हाल

न्यूजीलैंड से पिटने के कुछ घंटे बाद ही दक्षिण अफ्रीकी टीम को इंग्लैंड के बल्लेबाजों की धुनाई का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने टैमी ब्यूमोंट (52 गेंदों में 116 रन) के जोरदार शतक की बदौलत 20 ओवर में 3 विकेट पर 250 रन का स्कोर खड़ा करते हुए कुछ ही घंटे पहले बनाए गए न्यूजीलैंड के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। 

पढ़ें: आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप: कौन सी टीम कब किसके खिलाफ खेलेगी, देखिए पूरा शेड्यूल

इंग्लैंड की टीम यहीं नहीं रुकी और उसने दक्षिण अफ्रीका को 20 ओवर में 6 विकेट पर 129 के स्कोर पर रोकते हुए ये मैच 121 रन से जीतते हुए टी20 में अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की। इंग्लैंड के लिए अन्या शुभ्रसोले ने 4 ओवर में सिर्फ 8 रन दिए। दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तान डेन वॉन निकर्क (72) ही संघर्ष कर पाईं।  

Open in app