IPL 2022: रवींद्र जडेजा ने खुद छोड़ी चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी या हटाया गया? क्या है इनसाइड स्टोरी

चेन्नई सुपरकिंग्स अभी 8 मैचों में दो में जीत हासिल कर प्वाइंट टेबल में नौवें स्थान पर है। चार बार की चैम्पियन टीम का इस बार प्ले-ऑफ में पहुंचना मुश्किल है।

By विनीत कुमार | Published: May 1, 2022 10:13 AM2022-05-01T10:13:28+5:302022-05-01T10:34:22+5:30

IPL 2022 Ravindra Jadeja was forced of did he give up captaincy willingly, inside story | IPL 2022: रवींद्र जडेजा ने खुद छोड़ी चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी या हटाया गया? क्या है इनसाइड स्टोरी

रवींद्र जडेजा ने खुद छोड़ी चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी या हटाया गया? (फाइल फोटो)

googleNewsNext
Highlightsचेन्नई सुपरकिंग्स मौजूदा सत्र में आठ में से छह मैच गंवाने के बाद प्वाइंट टेबल में 9वें स्थान पर है।सीजन शुरू होने से पहले एमएस धोनी ने रवींद्र जडेजा को कप्तानी दी थी, अब जडेजा ने छोड़ी कप्तानी।जडेजा ने शनिवार को एक बार फिर धोनी को कप्तान बनने का अनुरोध किया, जिसे धोनी ने मान लिया।

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)-2022 के मौजूदा सत्र में आठ में से छह मैच गंवाने के बाद रवींद्र जडेजा ने शनिवार को अचानक चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया और जिम्मेदारी एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी के कंधों पर आ गई। 

सीएसके की ओर से बताया गया कि रवींद्र जडेजा ने कप्तानी छोड़कर अपने खेल पर ध्यान देने का फैसला किया है। सीएसके के अनुसार जडेजा ने खुद धोनी से टीम की कप्तानी का आग्रह किया और टीम के हितों को देखते हुए धोनी अनुरोध का मान लिया। हालांकि इन आधिकारिक बयानों के बीच ये भी सवाल उठ रहे हैं कि जडेजा ने क्या खुद कप्तानी छोड़ी या टीम प्रबंधन की ओर से उन पर दबाव बनाया गया?

क्रिकबज वेबसाइट के अनुसार सूत्र बताते हैं कि कप्तानी में बदलाव की कहानी उतनी भर नहीं है जैसा आधिकारिक बयानों में बताया गया। सूत्रों के मुताबिक सीएसके के इस सीजन में खराब प्रदर्शन से प्रबंधन खुश नहीं था और चुप नहीं बैठना चाहता था। ऐसे में बहुत मजबूत संकेत हैं कि जडेजा को कप्तानी छोड़ने के लिए मजबूर किया गया। पिछले करीब चार दिनों में धोनी को कप्तान के रूप में फिर बहाल करने पर चर्चा शुरू हुई। सूत्रों के मुताबिक प्रबंधन की मुख्य चिंता जडेजा की खराब कप्तानी नहीं बल्कि उनकी खराब फॉर्म को लेकर थी।

सीएसके के एक अंदरूनी सूत्र ने कहा, 'प्रबंधन चुप नहीं रह सकता था कि दुनिया का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर रहा है। जाहिर है वह कप्तानी के बोझ से दब गया है।' दरअसल, जडेजा पिछले कई वर्षों से टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। हालांकि इस सीजन में आठ मैचों में 112 रन और पांच विकेट (औसत 42, 8.19 इकॉनमी रेट) के साथ निराश कर रहे हैं। सूत्र ने कहा, 'उन्होंने कैच छोड़ना भी शुरू कर दिया है।'

चार बार की चैम्पियन टीम सीएसके इस समय आठ मैचों में दो जीत के साथ नौवें स्थान पर है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर वे अभी भी प्ले-ऑफ की रेस में बने हुए हैं। प्रबंधन को उम्मीद है कि धोनी के वापस कप्तान होने के साथ टीम में एक बदलाव नजर आएगा।

यह भी कोई रहस्य नहीं है कि सीएसके में धोनी की बात को गंभीरता से लिया जाता है। यह केवल उनकी गुजारिश पर था कि फ्रेंचाइजी के बॉस एन श्रीनिवासन सीजन की शुरुआत से कुछ दिन पहले कप्तानी में बदलाव के लिए सहमत हुए। सीजन के बीच में कप्तानी में फिर हुए बदलाव पर श्रीनिवासन ने क्रिकबज वेबसाइट से कहा, 'मैं कप्तान के फैसले के साथ हूं।' हालांकि उन्होंने ये साफ नहीं किया वे किस कप्तान की बात कर रहे हैं।

Open in app