IPL 2021: शिखर धवन की धमाकेदार पारी, जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची दिल्ली

PBKS vs DC latest updates, IPL 2021: शिखर धवन के दमदार प्रदर्शन के दम पर दिल्ली ने पंजाब को सात विकेट से मात दी।

By अमित कुमार | Published: May 2, 2021 11:25 PM2021-05-02T23:25:34+5:302021-05-02T23:27:48+5:30

IPL 2021 Shikhar Dhawan 69 trumps DC crush PBKS to top points table | IPL 2021: शिखर धवन की धमाकेदार पारी, जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची दिल्ली

शिखऱ धवन। (फोटो सोर्स- ट्विटर)

googleNewsNext
Highlightsइस जीत के साथ ही दिल्ली की टीम टॉप पर पहुंच गई।शिखर धवन ने टीम के लिए नाबाद 69 रन बनाए। पंजाब की ओर से मयंक अग्रवाल ने नाबाद 99 रनों का योगदान दिया।

PBKS vs DC latest updates, IPL 2021: मयंक अग्रवाल की नाबाद 99 रन की पारी आखिर में शिखर धवन के नाबाद 69 रन के सामने फीकी पड़ गयी जिससे दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 14 गेंद शेष रहते हुए सात विकेट से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। अग्रवाल ने शुरू से एक छोर संभाले रखा तथा अपनी पारी में 58 गेंदों का सामना करके आठ चौके और चार छक्के लगाये। 

उनकी पराक्रमी पारी के दम पर पंजाब अंतिम छह ओवरों में 76 रन और कुल छह विकेट पर 166 रन बनाने में सफल रहा। धवन ने हालांकि पृथ्वी सॉव (22 गेंदों पर 39 रन, तीन चौके, तीन छक्के) के साथ मिलकर दिल्ली को फिर से अच्छी शुरुआत दिलायी। बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने आखिर तक एक छोर संभाले रखा तथा अपनी पारी में 47 गेंदों का सामना करके छह चौके और दो छक्के लगाये। 

इससे दिल्ली ने 17.4 ओवर में तीन विकेट पर 167 रन बनाकर अपनी छठी जीत दर्ज की। इसे जीत से दिल्ली के आठ मैचों में 12 अंक हो गये हैं और वह चेन्नई सुपर किंग्स को पीछे छोड़कर शीर्ष पर पहुंच गया है। दिल्ली के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य था लेकिन उसके सलामी बल्लेबाज विशेषकर सॉव शुरू से हावी हो गये। पंजाब के मुख्य गेंदबाज मोहम्मद शमी पर छक्का और दो चौके जड़कर उन्होंने अपने इरादे जतला दिये थे। 

पावरप्ले का आखिरी ओवर करने के लिये उतरे क्रिस जोर्डन को भी सॉव ने यही सबक सिखाया जिससे दिल्ली पहले छह ओवरों में ही 63 रन तक पहुंच गया। हरप्रीत बरार ने हालांकि इसके तुरंत बाद खूबसूरत गेंद पर सॉव का मिडिल स्टंप थर्राकर पंजाब को बड़ी राहत दिलायी। धवन और स्टीवन स्मिथ (22 गेंदों पर 25) ने इसके बाद स्ट्राइक रोटेट करके स्कोर बोर्ड को गतिमान रखा। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिये 48 रन जोड़े। 

स्मिथ ने रिले मेरेडिथ की गेंद पर डीप मिडविकेट पर खड़े डाविड मलान को आसान कैच थमाया जिससे यह साझेदारी टूटी। धवन ने लेग स्पिनर रवि बिश्नोई पर डीप मिडविकेट पर छक्का लगाकर आईपीएल में अपना 44वां अर्धशतक पूरा किया। शमी अपना अगला स्पैल करने आये तो ऋषभ पंत (14) ने छक्के से उनका स्वागत किया। पंत ढीला शॉट खेलकर पवेलियन लौट गये लेकिन शिमरोन हेटमायर (चार गेंदों पर नाबाद 16) ने मेरेडिथ के अगले ओवर में लगातार दो छक्के और चौका लगाकर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया। 

इससे पहले पंजाब किंग्स को शीर्ष क्रम में राहुल की कमी खली। राहुल अपेंडिसाइटिस के कारण अगले कुछ मैचों में टीम की अगुवाई नहीं कर पाएंगे। कैगिसो रबाडा (36 रन देकर तीन विकेट) ने इसका फायदा उठाकर पहले प्रभसिमरन सिंह (16 गेंदों पर 12) और फिर उनका स्थान लेने के लिये उतरे क्रिस गेल (नौ गेंदों पर 13) को आउट कर दिया। पंजाब पावरप्ले में दो विकेट पर 39 रन ही बना पाया। रबाडा की तेज गति की गेंद ने गेल का मिडिल स्टंप थर्राकर इन दोनों महारथियों के बीच जंग में बाजी मारी। 

अग्रवाल और आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे डाविड मलान पर दिल्ली के स्पिनरों अक्षर पटेल और ललित यादव ने लगाम लगाये रखी। निकालेस पूरण की जगह टीम में लिये दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज मलान केवल 26 रन बना पाये। उन्होंने इशांत शर्मा पर छक्का लगाया लेकिन अक्षर पर लंबा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गये। अग्रवाल और मलान ने तीसरे विकेट के लिये 52 रन जोड़े। दीपक हुड्डा (एक) गफलत में रन आउट हो गये जिससे पंजाब की परेशानी बढ़ गयी। पंजाब का स्कोर 14वें ओवर तक चार विकेट पर 90 रन था। 

इसके बाद अग्रवाल ने अपना असली जलवा दिखाया। उन्होंने रबाडा पर मिडविकेट पर छक्का लगाया और फिर इशांत की गेंद चौके के लिये भेजकर अपना अर्धशतक पूरा किया। इशांत ने अपना पहला ओवर मेडन किया था लेकिन अग्रवाल ने उनके इस ओवर में छक्का भी लगार उनका गेंदबाजी विश्लेषण बिगाड़ दिया। उन्होंने अक्षर पर भी लगातार दो चौके लगाये जिन्होंने चार ओवर में 21 रन देकर एक विकेट लिया। अग्रवाल को शतक पूरा करने के लिये अवेश खान की पारी की अंतिम गेंद पर छक्के की जरूरत थी लेकिन वह चौका ही लगा पाये। इससे पहले की दो गेंदों पर उन्होंने चौका और छक्का लगाया था। वह आईपीएल में छठे बल्लेबाज हैं जिनकी पारी 99 रन पर समाप्त हुई। (भाषा इनपुट के साथ)

Open in app