IPL 2019, MI vs SRH: मुंबई ने हैदराबाद को हरा प्लेऑफ में बनाई जगह, सुपरओवर में दर्ज की रोमांचक जीत

मुंबई इंडियंस ने अपने होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2019 के 51वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को सुपर ओवर में हरा दिया।

By सुमित राय | Published: May 3, 2019 12:52 AM2019-05-03T00:52:27+5:302019-05-03T00:53:09+5:30

IPL 2019, MI vs SRH: Mumbai Indians beat Sunrisers Hyderabad in Super Over Eliminator to Qualify for Playoffs | IPL 2019, MI vs SRH: मुंबई ने हैदराबाद को हरा प्लेऑफ में बनाई जगह, सुपरओवर में दर्ज की रोमांचक जीत

मुंबई की यह 13 मैचों में आठवीं जीत है और उसने 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंची।

googleNewsNext
Highlightsमुंबई इंडियंस ने सुपर ओवर में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया।इस जीत के साथ ही मुंबई की टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया।मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में शामिल होने वाली तीसरी टीम बन गई है।

मुंबई इंडियंस ने अपने होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2019 के 51वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को सुपर ओवर में हरा दिया। इस जीत के साथ ही मुंबई की टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया। मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में शामिल होने वाली तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स ने प्लेऑफ में जगह बनाई थी।

अंक तालिका में दूसरे नंबर पर मुंबई

मुंबई की यह 13 मैचों में आठवीं जीत है और उसने 16 अंकों के साथ न सिर्फ प्लेऑफ में जगह सुरक्षित की, बल्कि शीर्ष दो में जगह बनाकर फाइनल के लिए दो मौके पाने की उम्मीदें भी बढ़ा दी। वहीं यहां से हैदराबाद के लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है और उसे अब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ अपने आखिरी मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

दोनों टीमों ने बनाए 162-162 रन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 162 रनों का स्कोर खड़ा किया। क्विंटन डिकाक ने 58 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाए, लेकिन इसके बावजूद मुंबई इंडियंस पांच विकेट पर 162 रन तक ही पहुंच पाया। डेविड वॉर्नर की अनुपस्थिति में मनीष पाण्डेय ने हैदराबाद के लिए अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 47 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 71 रन बनाए, जिससे हैदराबाद भी 20 छह विकेट पर 162 रन तक पहुंच गया। पाण्डेय ने हार्दिक पंड्या की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर मैच को सुपर ओवर तक पहुंचाया।

चार गेंदों में खत्म हुई हैदराबाद की पारी

मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर में गया और हैदराबाद की टीम पहले बैटिंग करने आई। जसप्रीत बुमराह की पहली गेंद पर मनीष पाण्डेय दो रन लेने के चक्कर में रन आउट हो गए। इसके बाद मार्टिन गप्टिल दूसरी गेंद पर ने एक रन लिया, लेकिन तीसरी गेंद पर मोहम्मद नबी ने छक्का जड़ दिया। हालांकि चौथी गेंद पर बुमराह ने शानदार यॉर्कर डाला और नबी को बोल्ड कर हैदराबाद की पारी खत्म कर दी।

तीन गेंद में मुंबई ने जीता सुपर ओवर

9 रनों के लक्ष्य को मुंबई इंडियंस की टीम ने तीन गेंद में ही हासिल कर लिया। अब मुंबई को जीत के लिए नौ रन चाहिए थे और हैदराबाद की तरफ से राशिद खान ने गेंद थामी। राशिद खान की पहली गेंद पर हार्दिक पंड्या ने छक्का लगाया और दूसरी गेंद पर एक रन लिया। तीसरी गेंद पर कीरोन पोलार्ड ने दो रन लेकर मैच मुंबई इंडियंस के नाम कर दिया।

मैच में गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन

इस मैच में गेंदबाजों ने दबदबा बनाया। खलील अहमद (42 रन देकर तीन) हैदराबाद के सबसे सफल गेंदबाज रहे। नबी (24 रन देकर एक) और भुवनेश्वर कुमार (29 रन देकर एक) ने भी विकेट हासिल किए। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह (चार ओवर में 31 रन देकर दो) तथा हार्दिक (दो ओवर में 20 रन देकर दो) और क्रुणाल (चार ओवर में 22 रन देकर दो) ने दो-दो विकेट लिए।

मनीष पाण्डेय को नहीं मिला अच्छा साथी

हैदराबाद के लिए रिद्धिमान साहा (15 गेंदों पर 25) ने मार्टिन गुप्टिल (15) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए चार ओवर में 40 रन जोड़े, लेकिन पावरप्ले में पवेलियन लौटने से हैदराबाद को झटका लगा। कप्तान केन विलियमसन (तीन) को क्रुणाल ने नहीं टिकने दिया। पाण्डेय ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरने से उन्हें अपने तेवरों पर अंकुश लगाने पड़े। विजय शंकर (17 गेंदों पर 12) और नये बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (दो) के पंड्या बंधुओं के क्रुणाल और हार्दिक के लगातार ओवरों में आउट होने से पाण्डेय और हैदराबाद पर दबाव बढ़ गया।

क्रुणाल और राहुल चाहर (चार ओवर में 21 रन) ने बीच के ओवरों में जो दबाव बनाया, उससे हैदराबाद की स्थिति नाजुक हो गई। पाण्डेय को आखिर में नबी के रूप में अच्छा साथी मिला। मोहम्मद नबी की 20 गेंदों पर 31 रन की पारी भी महत्वपूर्ण साबित हुई, जिसमें अंतिम ओवर में जमाया गया छक्का भी शामिल है। हैदराबाद ने आखिरी ओवर में हैदराबाद ने 16 रन बनाए और मैच सुपरओवर में खींचा।

ऐसी रही मुंबई इंडियंस की पारी

इससे पहले डिकॉक ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए। उनके अलावा कप्तान रोहित शर्मा (18 गेंदों पर 24) और सूर्यकुमार यादव (17 गेंदों पर 23) ही 20 रन के पार पहुंचे। मुंबई की टीम ने अच्छी साझेदारियां नहीं निभा पाई और उसने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए। रोहित शर्मा पावरप्ले के आखिरी ओवर में नबी पर अति उत्साही शॉट लगाकर वह मिडऑन पर कैच दे बैठे। पहले छह ओवर के बाद स्कोर एक विकेट पर 44 रन था।

डिकॉक एक छोर पर टिके थे, लेकिन वह तेजी से रन नहीं बना पा रहे थे। सूर्यकुमार ने कोशिश की लेकिन वह फिर से अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए। खलील की गेंद पर उन्होंने स्वीपर कवर पर कैच थमा दिया। इविन लुईस (एक) के आते ही पवेलियन लौटने के बाद सभी की निगाहें बेहतरीन फार्म में चल रहे हार्दिक पंड्या (दस गेंदों पर 18 रन) पर टिकी थी, लेकिन हार्दिक ने भुवनेश्वर के बाउंसर को पुल करने के प्रयास में लॉन्ग ऑफ पर हवा में लहराता कैच दे दिया। अब कीरेन पोलार्ड (नौ गेंदों पर दस रन) से उम्मीद थी, लेकिन वह भी कुछ नहीं कर पाए। क्रुणाल पंड्या नौ रन बनाकर नाबाद रहे।

Open in app