Highlightsभारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को पहले टी20 में 6 विकेट से हरा दिया।भारतीय टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली।ऑकलैंड के इडेन पार्क स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कई रिकॉर्ड बने।
भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को पहले टी20 में 6 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट गंवाकर 203 रनों का स्कोर बनाया था। 204 रनों के लक्ष्य को भारतीय क्रिकेट टीम ने 19 ओवर में चार विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए विदेशी जमीन पर सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इसके अलावा न्यूजीलैंड और भारत के बीच ऑकलैंड के इडेन पार्क स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कई रिकॉर्ड बने।
टीम इंडिया का विदेशी जमीन पर सबसे बड़ा रन चेज
भारतीय टीम की विदेशी जमीन पर सबसे बड़ा रन चेज करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए दौरे की शुरुआत की है। इससे पहले भारत ने विदेशी जमीन पर सबसे बड़ा रन चेज 8 जुलाई 2018 को ब्रिस्टल में इंग्लैंड के खिलाफ किया था, तब भारतीय टीम ने 199 रनों का लक्ष्य हासिल किया था।
चौथी बार किया 200+ का रन चेज
भारतीय टीम ने टी20 क्रिकेट में चौथी बार 200 से ज्यादा का रन चेज किया है। भारत 200+ का रन चेज करने वाली टीम है। भारत के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दो बार 200 से ज्यादा का रन चेज किया है। इसके अलावा साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, बांग्लादेश और कतर ने एक-एक बार 200 से ज्यादा का रन चेज किया है।
भारतीय टीम का तीसरा सबसे बड़ा रन चेज
किस टीम के खिलाफ | स्कोर | ग्राउंड | साल |
---|
वेस्टइंडीज | 208 | हैदराबाद | 2019 |
श्रीलंका | 207 | मोहाली | 2009 |
न्यूजीलैंड | 204 | ऑकलैंड | 2020 |
ऑस्ट्रेलिया | 202 | राजकोट | 2013 |
इंग्लैंड | 199 | ब्रिस्टल | 2018 |
ऑस्ट्रेलिया | 198 | सिडनी | 2016 |
कोहली ने पूरा किया छक्कों का अर्धशतक
इस मैच में विराट कोहली 32 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में एकमात्र छक्का लगाने के साथ ही कोहली ने कप्तान के रूप में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में छक्कों का अर्धशतक पूरा कर लिया। कोहली छक्कों का अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के मात्र दूसरे और भारत के पहले कप्तान हैं। टी20 इंटरनेशनल में कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के इयोन मॉर्गन के नाम है, जिन्होंने सबसे ज्यादा 62 छक्के लगाए हैं।
टी20 में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट
न्यूजीलैंड के स्पिनर ईश सोढ़ी भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल को आउट करते हुए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने पाकिस्तान के उमर गुल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने टी20 में भारत के खिलाफ 11 विकेट लिए थे।
टी20 क्रिकेट में पूरे किए 6000 रन
रॉस टेलर ने इस मैच में 27 गेंदों में तीन चौके और 3 छक्के की मदद से 54 रनों की नाबाद पारी खेली। 54 रनों की नाबाद पारी के दौरान रॉस टेलर ने टी20 क्रिकेट में 6000 रन पूरे कर लिए। इस मैच से पहले मुनरो के नाम टी20 क्रिकेट में 5974 रन दर्ज थे। उन्होंने 6 साल बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अर्धशतक जमाया है। इससे पहले रॉस टेलर ने 24 मार्च 2014 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 क्रिकेट में अर्धशतक जमाया था, जब उन्होंने 62 रनों की पारी खेली थी।