मुंबई: देश का विदेशी मुद्रा भंडार 13 फरवरी को समाप्त सप्ताह में 8.66 अरब डॉलर बढ़कर 725.72 अरब डॉलर के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पूर्व छह फरवरी को समाप्त सप्ताह में कुल विदेशी मुद्रा भंडार 6.71 अरब डॉलर घटकर 717.06 अरब डॉलर रह गया था। सर्वोच्च स्तर जनवरी में 723.774 अरब डॉलर का रहा था।
शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स में 316 अंक का उछाल
शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 316 अंक की बढ़त के साथ जबकि निफ्टी 25,550 के पार बंद हुआ। बैंकिंग और धातु शेयरों में खरीदारी, व्यापार समझौते में प्रगति को लेकर आशावाद के साथ ‘पैक्स सिलिका’ में भारत की भागीदारी की खबरों से बाजार को समर्थन मिला। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 316.57 अंक यानी 0.38 प्रतिशत चढ़कर 82,814.71 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 633.94 अंक बढ़कर 83,132.08 अंक तक पहुंच गया था।
अमेरिका-ईरान में बढ़ते तनाव के बीच सोना बढ़कर 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम
अमेरिका-ईरान के बीच ताजा बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण सुरक्षित निवेश वाली परिसंपत्तियों की मांग बढ़ने तथा मजबूत वैश्विक रुख के कारण वायदा कारोबार में शुक्रवार को सोने की कीमत 0.85 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अप्रैल माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 1,315 रुपये यानी 0.85 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,56,134 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 7,355 लॉट का कारोबार हुआ।
आठ बुनियादी क्षेत्रों की वृद्धि दर जनवरी में घटकर चार प्रतिशत पर आई
देश के आठ प्रमुख बुनियादी क्षेत्रों की उत्पादन वृद्धि दर जनवरी में घटकर चार प्रतिशत रह गई। शुक्रवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली। इन बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर एक साल पहले जनवरी, 2025 में 5.1 प्रतिशत थी जबकि दिसंबर, 2025 में यह 4.7 प्रतिशत रही थी।