पेरिस: अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने रविवार को कहा कि एशिया और ओशिनिया में उसके सदस्य देश तेल के आपातकालीन भंडार को ‘‘तत्काल’’ जारी करने की योजना बना रहे हैं और यूरोप तथा अमेरिका का भंडार ‘‘मार्च के अंत से उपलब्ध कराया जाएगा’’। एजेंसी ने एक बयान में कहा, ‘‘अब तक की सबसे बड़ी यह आपातकालीन सामूहिक कार्रवाई एक महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रदान करती है।’’ पेरिस आधारित यह एजेंसी कीमतों को कम करने के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के समन्वय में मदद कर रही है। ईरान के साथ जारी युद्ध पर अमेरिका अब तक लगभग 12 अरब अमेरिकी डॉलर खर्च कर चुका है।
यह बात राष्ट्रीय आर्थिक परिषद के निदेशक केविन हैसेट ने रविवार को कही। वह सीबीएस न्यूज के ‘फेस द नेशन’ कार्यक्रम में बोल रहे थे। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के दौरान ईरान द्वारा अपने हमलों का दायरा और व्यापक करने की धमकी दिए जाने के बीच अरब खाड़ी देशों ने रविवार को अपने ऊपर मिसाइल और ड्रोन हमलों की सूचना दी।
इजराइल और अमेरिका ने 28 फरवरी को यह कहते हुए ईरान पर हमला किया था कि वे ईरान के परमाणु व सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे हैं और ईरान के लोगों से भी अपने नेताओं के खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया था। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल और फारस की खाड़ी के आसपास के पड़ोसी देशों पर हमले किए।
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस पश्चिम एशिया से 48 उड़ानें संचालित करेंगी
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस सोमवार को पश्चिम एशिया से आने व जाने के लिए 48 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी। इस संबंध में एक विज्ञप्ति में बताया गया कि दोनों विमानन कंपनी भारतीय शहरों और जेद्दा के बीच कुल 10 उड़ानों सहित जेद्दा व मस्कट के लिए अपनी निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी।