नयी दिल्ली 11 मई भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की फंसी कर्ज संपत्ति समाधान विभाग के मुख्य महाप्रबंधक पद्म कुमार एम नैयर को राष्ट्रीय संपत्ति पुनर्निर्माण कंपनी लि. (एनएआरसीएल) का प्रमुख बनाया जा सकता है। यह कंपनी विभिन्न बैंकों की कर्ज में फंसी दबाव वाली संपत्ति का प्रबंधन करेगी।
सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि नैयर को एनएआरसीएल का मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। उनके पास फंसी हुई संपत्तियों का समाधान निकालने का बड़ा अनुभव है। वह फिलहाल प्रतिनियुक्ति के तौर पर कंपनी में शामिल हो सकते हैं।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2021-22 के बजट में घोषणा करते हुए कहा था कि बैंकों की फंसी संपत्ति का समाधान निकालने के लिए एनएआरसीएल या बेड बैंक का गठन किया जाएगा।
एनएआरसीएल का गठन वित्त संस्थान के रूप में किया जायेगा जो ऋणदाताओं की फंसी कर्ज संपत्तियों का समाधान निकालने का काम करेगा। इसका गठन सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंको के सहयोग द्वारा किया जा रहा है।
वित्त मंत्री ने कहा था कि एनएआरसीएल दबाव वाली कर्ज संपत्ति के तय मूलय का 15 प्रतिशत नकद में देगी और शेष 85 प्रतिशत सरकारी गारंटी वाली प्रतिभूति रसीद के तौर पर होगा।
संपत्ति की तय राशि में यदि कोई नुकसान होता है तो सरकारी गारंटी को भुनाया जा सकता है।
वही भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा है कि धोखाधड़ी के रूप में वर्गीकृत संपत्ति को एनएआरसीएल को नहीं बेचा जा सकता है। उसकी वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार मार्च 2020 तक लगभग 1.9 लाख करोड़ ऋणों को धोखाधड़ी के रूप में वर्गीकृत किया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।