मुंबईः फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आज मुंबई पहुंच रहे हैं। तीन दिवसीय आधिकारिक भारत यात्रा की शुरुआत होगी। इस यात्रा के दौरान राफेल सहित कई मुद्दे पर बातचीत करेंगे। नवाचार, प्रौद्योगिकी सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों पर विशेष बल दिया जाएगा और मुंबई इस यात्रा का पहला और सबसे महत्वपूर्ण चरण होगा। विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति रात करीब 11:50 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगे। इस यात्रा के दौरान उनके साथ प्रथम महिला ब्रिगिट मैक्रों भी होंगी। प्रधानमंत्री मोदी मुंबई के लोक भवन में मैक्रों से 17 फरवरी को मिलेंगे।
तीन दिवसीय आधिकारिक भारत यात्रा की शुरुआतः
सोमवार, 16 फरवरी 2026ः
रात 11:50 बजेः छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, मुंबई में आगमन
मंगलवार, 17 फरवरी 2026ः
दोपहर 3:15 बजेः लोक भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात
शाम 4:30 बजेः राजभवन के दरबार हॉल में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान और प्रेस विज्ञप्ति
शाम 5:20 बजेः ताज महल पैलेस होटल में भारत-फ्रांस नवाचार मंच
शाम 7:15 बजेः गेटवे ऑफ इंडिया में भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष और सांस्कृतिक स्मरणोत्सव
बुधवार, 18 फरवरी 2026ः
दोपहर 2:00 बजेः नई दिल्ली में आगमन भारत एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के लिए भारत मंडपम का दौरा
गुरुवार, 19 फरवरी 2026
सुबह 9:40 बजेः उद्घाटन समारोह, प्लेनरी हॉल, भारत मंडपम
सुबह 10:40 बजेः देश का दौरा पवेलियन
दोपहर 12:00 बजेः नेताओं की पूर्ण बैठक और दोपहर का भोजन
दोपहर 3:45 बजेः पेरिस के लिए प्रस्थान।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे और इस दौरान दोनों नेता भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, दोनों नेताओं की बातचीत रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने तथा उन्हें नए और उभरते क्षेत्रों तक विस्तारित करने पर केंद्रित रहेगी।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों क्षेत्रीय एवं वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 फरवरी को मुंबई जाएंगे, जहां वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे।’’ इसमें कहा गया कि इस दौरान दोनों नेता भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह भारत द्वारा आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेंगे और मुंबई में प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय शिखर वार्ता करेंगे। यह उनकी भारत की चौथी और मुंबई की पहली यात्रा होगी।
कार्यक्रम के अनुसार, 17 फरवरी को अपराह्न लगभग सवा तीन बजे दोनों नेता मुंबई स्थित लोक भवन में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके बाद शाम लगभग सवा पांच बजे वे ‘भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026’ का उद्घाटन करेंगे और दोनों देशों के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, स्टार्टअप, शोधकर्ताओं तथा नवाचारकर्ताओं को संबोधित करेंगे।