लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को 2.51 लाख से अधिक किसानों को फसल मुआवजे के रूप में 285 करोड़ रुपये प्रदान किए और कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है कि किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से उत्पन्न अनिश्चितताओं से बचाया जाए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत सहायता वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो किसान अपनी फसलों का बीमा कराते हैं, वे आपदाओं से होने वाले नुकसान की स्थिति में वित्तीय सहायता के हकदार हैं।
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा के अंतर्गत पहले केवल किसान आच्छादित होता था, किसान परिवार के सदस्य नहीं होते थे... हमारी सरकार बनी, हम लोगों ने कहा कि हम सभी को आच्छादित करेंगे। आपदा मित्रों को ₹5 लाख तक का जीवन बीमा का सुरक्षा कवर भी तीन वर्ष के लिए प्रदान किया गया है। कोई भी आपदा आती है, तो हमारा प्रयास होता है कि 24 घंटे के अंदर पीड़ित के खाते में पैसा पहुंच जाए।
डबल इंजन की सरकार उन्नत खेती के माध्यम से 'नए उत्तर प्रदेश' की समृद्धि हेतु प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। आज लखनऊ में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2025) के अंतर्गत 2.51 लाख अन्नदाता किसानों को ₹285 करोड़ की क्षतिपूर्ति, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 3,500 परिवारों को ₹175 करोड़ की सहायता राशि एवं आपदा मित्रों को जीवन बीमा का लाभ वितरण किया। इस अवसर पर विभिन्न जनपदों में कृषि भवनों तथा मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं का शिलान्यास भी हुआ।