Delhi Rain Live: बॉलीवुड फिल्म निर्माता विवेक रंजन अग्निहोत्री ने दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ टाउन प्लानर्स में जलभराव को लेकर तंज कसा है। दरअसल बुधवार शाम से हो रही लगातार बारिश के चलते दिल्ली और आस-पास के इलाकों में जलभराव हो गया है।
गुरुवार को एएनआई ने एक वीडियो शेयर किया। जिसमें कि कर्मचारी इंस्टीट्यूट ऑफ टाउन प्लानर्स इंडिया से पानी बाहर निकालते दिख रहे हैं। इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए विवेक अग्निहोत्री ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, "हाहाहा, इससे बड़ी विडंबना क्या हो सकती है। भारतीय शहर बदसूरती, असुविधा, आपदा , जीवन के लिए खतरे के स्मारक हैं। हम शहरी योजना के मामले में पूरी तरह से नाकाम हुए हैं।"
सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाले विवेक अक्सर खराब बुनियादी ढांचे को लेकर नगर निकायों की आलोचना करते हैं, खासकर मानसून के मौसम में। वह देश के विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी काफी मुखर रहते हैं।
इन दिनों विवेक 'पर्व - एन एपिक टेल ऑफ़ धर्म' के साथ वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, जिसे हिंदू महाकाव्य महाभारत पर आधारित बताया जाता है। अक्टूबर 2023 में, फिल्म निर्माता ने फिल्म का पहला लुक शेयर किया था।
बता दें कि इंस्टीट्यूट ऑफ टाउन प्लानर्स इंडिया का उद्देश्य प्रभावी शहरी नियोजन और प्रबंधन को बढ़ावा देना है। दिल्ली में 31 जुलाई और 1 अगस्त की सुबह भारी बारिश हुई। कई जगहों पर जलभराव हो गया है, वहीं शहर में कुछ जगहों पर भारी जाम भी देखा गया। आईएमडी ने 5 अगस्त तक रुक-रुक कर बारिश की चेतावनी जारी की है।
गौरतलब है कि आईएमडी के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में 147.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार में सलवान स्टेशन ने 31 जुलाई को सुबह 8:30 बजे से 1 अगस्त को सुबह 7:15 बजे तक 147.5 मिमी बारिश मापी। इसी तरह, यूपी के गौतम बुद्ध नगर के नोएडा सेक्टर 62 में एनसीएमआरडब्ल्यूएफ स्टेशन ने भी 147.5 मिमी बारिश दर्ज की। मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है।