संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत के तीन नए प्रोमो शुक्रवार (19 जनवरी) को रिलीज हुए। फिल्म के इन टीजरों को देखने के बाद कह सकते हैं फिल्म में काफी कांट छांट और एडिंटिंग की गई है। फिल्म में घूमर गाने पर डांस कर रही दीपिका पादुकोण के उस सीन को भी एडिट किया गया है जिसमें राजपूत करणी सेना ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि डांस के दौरान 'रानी' की कमर दिख रही है।
आपत्ति के बाद एडिट किए गए घूमर डांस में दीपिका पादुकोण की कमर नजर नहीं आ रही है। सीन में अब उनकी कमर पूरी तरह साड़ी से ढंकी दिख रही है। इसके अलावा यूट्यूब पर लॉन्च किए गए फिल्म के प्रोमो में दीपिका पादुकोण जबरदस्त डायलॉग बोलती नजर आ रही हैं। वहीं एक अन्य प्रोमो में अलउद्दीन खिलजी का किरदार निभा रहे रणवीर सिंह यलगार कर रहे हैं।
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने फिल्म को यू/ए सर्टिफिकेट दिया है। गीतकार प्रसून जोशी की अध्यक्षता वाले सेंसर बोर्ड ने फिल्म का नाम पद्मावती से बदलकर पद्मावत करने का सुझाव दिया था जिसे भंसाली ने मान लिया। सेंसर बोर्ड ने निर्देशक को फिल्म में छह जगह बदलाव करने के लिए कहा था जिसके बाद ही इसे सीबीएफसी प्रमाणपत्र मिला। फिल्म में दीपिका पादुकोण मेवाड़ी की रानी पद्मावती की भूमिका में हैं। फिल्म में रानी पद्मावती को हासिल करने के लिए दिल्ली के सुल्तान अल्लाउद्दीन खिलजी द्वारा चित्तौड़ के राजा रतन सिंह पर हमला करने की कहानी है। खिलजी जब युद्ध जीत जाता है तो रानी पद्मावती उसके हाथों में पड़ने से बचने के लिए अन्य राजपूत रानियों के संग जौहर कर लेती हैं।