बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन की फिल्म तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर पर्दे पर रिलीज हो गई है।ओम राउत के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन के अलावा सैफ अली खान, काजोल, शरद केलकर और नेहा शर्मा भी हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज के घनिष्ठ मित्र और वीर निष्ठावान मराठा सरदार तान्हाजी मालुसरे की यह कहानी एक शौर्य गाथा है। तान्हाजी के पिता मृत्यु से पहले स्वराज के सपने की जिम्मेदारी तान्हाजी के मजबूत हाथों में सौंपते हैं और कहते हैं कि लोग वसीयत छोड़कर जाते हैं, मैं कर्ज़ छोड़कर जा रहा हूं, मिट्टी की आजादी। फिल्म पहले दिन से ही शानदार कर रही है।
बॉक्स ऑफिस इंडिया की वेबसाइट के मुताबिक अजय देवगन की 'तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर' अपनी तूफानी कमाई से मिशन मंगल, गुड न्यूज और भारत को भी पीछे छोड़ सकती है। साथ ही माना जा रहा है कि तीसरे हफ्ते की शुरुआत में ही तान्हाजी 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी। अजय देवगन की तान्हाजी ने दूसरे शुक्रवार को 10.06 करोड़, शनिवार को 16.36 करोड़ और रविवार को 23 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
देश में हो रहे सीएए और एनआरसी के विवाद के बावजूद तान्हाजी बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। बॉक्स ऑफिस इंडिया की वेबसाइट के मुताबिक अजय देवगन की तान्हाजी ने बीते सोमवार 8 करोड़ रुपये की कमाई की। ऐसे में अजय देवगन की फिल्म ने 11 दिनों में ही 175.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
फिल्म की कहानी
छत्रपति शिवाजी महाराज(शरद केलकर) का स्वराज सपना है, जो हर एक मराठा के दिल में बसता है।बात उस समय की है जब औरंजेब शासित मुगल सल्तनत दिन पे दिन शक्तिशाली होती है।कई राजपूत राजा उनसे जा मिले थे। अब औरंगजेब अपने साम्राज्य को बढ़ाना चाहता है। मुगल धोखे से मराठों के 23 किलों को अपने कब्ज़े में कर लेते हैं, जिसमें से एक है कोंढ़णा का किला।
शिवाजी महाराज को इस बात की खबर लगती है। इस अक्रामण के लिए औरंगजेब अपने सबसे वफादार उदयभान (सैफ अली खान) को कोंढ़णा की तरफ भेजते हैं। शिवाजी किसी भी तरह से उदयभान को रोकना चाहते हैं। दूसरी तरफ तान्ही जी (अजय देवगन) अपने बेटे की शादी में व्यस्त होते हैं, शिवाजी नहीं चाहते थे कि उनकी खुशियों में दखल दें। लेकिन तान्हाजी जैसे ही आक्रमण की खबर सुनते हैं वैसे ही शादी छोड़कर कर्ज पूरा करने के लिए निकल पड़ते हैं। तान्हाजी किस तरह से कोंढ़णा के किले को उदयभान से बचाते हैं और भगवा लहराते हैं इसके लिए आपको फिल्म देखना होगा।