नई दिल्लीः ब्रिटिश एकेडमी फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (बाफ्टा) पुरस्कार समारोह में प्रस्तोता के रूप में पदार्पण करने वाली अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अपने भाषण की शुरुआत हिंदी में कर दर्शकों को चौंका दिया। रविवार को लंदन के ‘रॉयल फेस्टिवल हॉल’ में आयोजित समारोह के वीडियो ऑनलाइन सामने आने के बाद कई उपयोगकर्ताओं ने अभिनेत्री की सराहना की। बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट 79वें ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवार्ड्स (BAFTA) में प्रस्तुतकर्ताओं में से एक थीं। उन्होंने सर्वश्रेष्ठ गैर-अंग्रेजी फिल्म का पुरस्कार प्रदान किया। पुरस्कार देने के लिए मंच पर आते ही उन्होंने अपना भाषण हिंदी में शुरू किया।
बाद में दर्शकों को समझाया कि वह क्या कह रही थीं। BAFTA मंच पर आलिया के हिंदी में बोलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। 'लव एंड वॉर' की अभिनेत्री ने कहा, "नमस्कार! अगला पुरस्कार एक ऐसी फिल्म के लिए है, जो अंग्रेजी में नहीं है। अभी सबटाइटल देखने की जरूरत नहीं है।
मैं हिंदी में सिर्फ इतना कह रही थी कि अगला पुरस्कार एक गैर-अंग्रेजी फिल्म के लिए है। क्योंकि भले ही फिल्म अनगिनत आवाजों में बोलती है, लेकिन हम हमेशा सिनेमा की भाषा का सम्मान करते हैं। और वह भाषा हम सभी धाराप्रवाह बोलते हैं।" नीचे वीडियो देखें...
फरहान अख्तर द्वारा निर्मित मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने लंदन में प्रतिष्ठित बाफ्टा पुरस्कार जीता
फरहान अख्तार के एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित एक अलग अंदाज वाली मणिपुरी पृष्ठभूमि की हास्य-ड्रामा फिल्म ‘बूंग’ ने रविवार को लंदन में सर्वश्रेष्ठ बाल और पारिवारिक फिल्म की श्रेणी में प्रतिष्ठित बाफ्टा पुरस्कार जीता।
इस फिल्म से निर्देशन के क्षेत्र में पहली बार हाथ आजमा रही लक्ष्मीप्रिया देवी ने पुरस्कार स्वीकार करते हुए मणिपुर में शांति के लिए भावुक अपील की। उन्हें यह पुरस्कार ‘पैडिंगटन द म्यूजिकल’ के मुख्य किरदार पैडिंगटन बियर से मिला। मंच पर उनके साथ निर्माता फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी और सहायक निर्देशक राहुल शारदा मौजूद थे।