लाइव न्यूज़ :

आदर्श सामने रखने से मिलती है आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा?, फिटनेस ट्रेनर एश्टन हॉल के मॉर्निंग रूटीन

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 28, 2025 05:20 IST

हम अपने आदर्श गढ़ते हैं ताकि उसका अनुकरण कर सकें. यह परीक्षा में पूर्णांक का पीछा करने के समान है.

Open in App
ठळक मुद्देसमय का उपयोग कोई अगर हमसे बेहतर कर रहा है तो किस तरह से कर रहा है! प्रश्नपत्र जानबूझकर इस तरह बनाए जाते हैं ताकि कोई भी पूरे नंबर हासिल न कर सके.बच्चे जैसे-जैसे ऊंची कक्षा में बढ़ते जाते हैं, प्रश्नपत्र तुलनात्मक रूप से कठिन होते जाते हैं.

हेमधर शर्मा

पिछले दिनों फिटनेस ट्रेनर एश्टन हॉल के मॉर्निंग रूटीन के वायरल हुए वीडियो की सबसे बड़ी खासियत यह नहीं थी कि इसमें वे अपनी दिनचर्या की शुरुआत सुबह चार बजे से पहले करते दिखते हैं, बल्कि यह थी कि इसे सोशल मीडिया पर 74 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया. कई लोगों के मन में सवाल उठा कि आखिर दूसरों की जिंदगी में ताकझांक करने के लिए हम इतने उत्सुक क्यों रहते हैं? दरअसल हम जाने-अनजाने, हमेशा हर चीज से अपनी तुलना करते रहते हैं. समय सभी के पास एक बराबर होता है और हमारे भीतर यह जानने की जिज्ञासा होती है कि समय का उपयोग कोई अगर हमसे बेहतर कर रहा है तो किस तरह से कर रहा है! इसीलिए हम अपने आदर्श गढ़ते हैं ताकि उसका अनुकरण कर सकें. यह परीक्षा में पूर्णांक का पीछा करने के समान है.

प्रश्नपत्र जानबूझकर इस तरह बनाए जाते हैं ताकि कोई भी पूरे नंबर हासिल न कर सके. दरअसल शत-प्रतिशत हासिल करते ही हमारे जीवन के लक्ष्य विहीन हो जाने का खतरा रहता है. इसलिए साल-दर-साल बच्चे जैसे-जैसे ऊंची कक्षा में बढ़ते जाते हैं, प्रश्नपत्र तुलनात्मक रूप से कठिन होते जाते हैं.

आठवीं कक्षा का छात्र पांचवीं कक्षा में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर सकता है, लेकिन इसे उसकी उपलब्धि नहीं माना जा सकता, क्योंकि उसकी असली चुनौती आठवीं की परीक्षा ही है. बेशक, दो साल बाद दसवीं में पहुंचने पर वह आठवीं के सारे प्रश्नों को हल करने की क्षमता हासिल कर लेगा, लेकिन तब उसकी योग्यता का आकलन दसवीं की परीक्षा से किया जाएगा.

स्कूल-कॉलेज की परीक्षाएं तो एक उम्र के बाद खत्म हो जाती हैं लेकिन जीवन की परीक्षा शायद मरते दम तक चलती रहती है! दूसरों के जीवन में ताकझांक को प्राय: गलत माना जाता है, फिर भी अगर हमारे भीतर ऐसा करने की जिज्ञासा उत्पन्न होती है तो उसका कारण शायद यही है कि हम उनसे अपनी तुलना करना चाहते हैं! लेकिन तब इसे गलत क्यों माना जाता है?

आखिर जिन महापुरुषों को हम अपना आदर्श मानते हैं, उनका अनुकरण करने में भी तो एक तरह से उनके जीवन में ताकझांक ही करते हैं! दरअसल अपने बराबर या उससे कम गुणवत्ता वाले लोगों के जीवन से तुलना करने में हमारे भीतर यह आत्मसंतुष्टि आ जाने का खतरा बना रहता है कि हम उससे ऊपर हैं या कम से कम उसके बराबर तो हैं ही!

लुगदी साहित्य हमेशा से गंभीर साहित्य से अधिक लोकप्रिय होता रहा है क्योंकि वह हमारी निम्न स्तर की लालसाओं को तृप्त करता है, लेकिन प्रतिष्ठा वह कभी भी गंभीर साहित्य के बराबर हासिल नहीं कर पाता, क्योंकि पानी को नीचे की ओर बहने में मेहनत नहीं लगती. गंगासागर से गंगोत्री की यात्रा भले कठिन हो और ज्यादा लोग वहां तक न पहुंच सकते हों लेकिन आदर्श तो उसे ही माना जाएगा!

ईश्वर की कल्पना के पीछे भी संभवत: यही मनोविज्ञान है कि जिन आदर्शों का आरोपण हम उस पर करते हैं, उसे पाने की कोशिश कर सकें. लेकिन जब हमारी यात्रा में ठहराव आ जाता है तब मील के पत्थरों का पीछा करने की बजाय हम उनकी पूजा शुरू कर देते हैं. इस दूरी के ही कारण हमारे ईश्वर हमें मानवीय नहीं लगते.

ईश्वरीकरण कर देने से हम उन्हें अपने जैसा मनुष्य नहीं मानते, इसलिए तुलना करने का भी प्रश्न पैदा नहीं होता. शायद यही कारण है कि विशेषज्ञों का कहना है ‘जितना ज्यादा हम सोशल मीडिया पर दिखाए गए परफेक्ट जीवन को देखेंगे, उतना ही हमारी असली जिंदगी हमें मामूली लगेगी. यह हमारे संतुष्टि भाव को नुकसान पहुंचा सकता है.’

वास्तव में संतुष्टि का भाव हमें सुख तो देता है लेकिन हमारी प्रगति को भी रोक देता है. इसलिए अगर हम सुबह आठ बजे उठते हैं तो दस बजे उठने वाले की तुलना में अपने को बेहतर मानने की बजाय, (अगर तड़के चार बजे उठने वाले हम में हीनता बोध पैदा करते हों तो) कम से कम छह बजे उठने वाले को तो अपना आदर्श बना ही सकते हैं!  

टॅग्स :फिटनेस टिप्सअमेरिकाSchool Education
Open in App

संबंधित खबरें

विश्वअविश्वास के घने कोहरे में विश्वास की खोज !

विश्वअमेरिका-इजराइल और ईरानः युद्धविराम पर खतरा मंडराने से भरोसा टूटा?

विश्वईरान ने US के साथ हुए सीज़फ़ायर समझौते के तहत स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से जहाज़ों के गुज़रने की सीमा रोज़ाना 15 जहाज़ों तक तय की

विश्वईरान युद्धविराम में पाकिस्तान की मध्यस्थता की भूमिका पर उठे सवाल, नेताओं को किया गया ट्रोल

भारतKerala Assembly Election 2026: क्या आज खुली हैं दुकानें और बाजार? कन्फ्यूजन करें दूर, जानें क्या खुला है क्या बंद

विश्व अधिक खबरें

विश्वभारत-US संबंधों का नया अध्याय; मार्को रूबियो का भारत दौरा, क्वाड और क्रिटिकल मिनरल्स पर जोर

विश्वIran-Israel War: क्या इस्लामाबाद वार्ता बचा पाएगी शांति? लेबनान हमले और कीर स्टार्मर के खाड़ी दौरे से जुड़ी हर अपडेट, जानें यहां

विश्वअमेरिका-ईरान युद्धविरामः डोनाल्ड ट्रंप को नहीं पाक पीएम शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को नोबेल शांति पुरस्कार दो?, पाकिस्तान ने मांग उठाई?

विश्वUS-Iran Ceasefire: लेबनान हमले का पलटवार, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर बंद करेगा ईरान! भड़का अमेरिका

विश्वइस युद्धविराम के आखिर मायने क्या हैं...?