Maharashtra Municipal Corporation Election Results 2026:महाराष्ट्र में महानगरपालिकाओं के मतदान के दौरान गैरभाजपाई राजनीतिक दलों ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर कई तरह के आरोप लगाए. कहीं फर्जी वोटिंग की आशंकाएं जताई गईं तो कहीं स्याही मिटाने के वीडियो वायरल हुए. मतदाता सूची को लेकर भी सवाल खड़े किए गए. और शुक्रवार को चुनाव परिणाम आए तो साफ हो गया कि भारतीय जनता पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है. अब सवाल यह है कि भाजपा को ये जोरदार सफलता क्यों मिली है? गैरभाजपाई दलों ने जो आरोप लगाए हैं, उनमें कितना दम है यह कहना मुश्किल है लेकिन ये बात साफ है कि हमारा निर्वाचन आयोग किसी भी दल के लिए काम नहीं करता. वह भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने में भूमिका निभाता है.
इसलिए भाजपा की जीत को इन आरोपों के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए. यदि ऐसा ही होता तो फिर कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव गुट) के प्रत्याशी क्यों जीतते? जो प्रत्याशी भी जीते हैं, उसके पीछे उनकी खुद की विश्वसनीयता, उनकी कर्मठता और उनके दलों का नजरिया प्रमुख तत्व है. भाजपा की प्रचंड जीत यह दर्शाती है कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में लोगों का भरोसा है.
विपक्षी दलों को इस बात को स्वीकार करना चाहिए कि भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी के साथ ऐसा रिश्ता बनाया है जिसने उसे विश्वास की नई डोर दी है. भाजपा ने साबित किया है कि उसके पास जो संगठनात्मक ढांचा है, वह बाकी सभी दलों से ज्यादा सक्रिय और वैचारिक रूप से सक्षम है. इसके ठीक विपरीत दूसरे दलों का सांगठनिक ढांचा लगातार कमजोर होता गया है.
जहां कांग्रेस का संगठन थोड़ा भी मजबूत है, वहां उसके प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है. और यही बात शिवसेना (उद्धव गुट) पर भी लागू होती है. जब ये सारी बातें स्पष्ट हैं तो गैरभाजपाई राजनीतिक दलों को आत्मचिंतन करना चाहिए कि जनता उन्हें भाजपा जैसा अवसर क्यों नहीं दे रही है? केवल आरोपों के सहारे लंबे समय तक राजनीति नहीं की जा सकती.
संगठन को मजबूत नहीं किया तो जनता का विश्वास हासिल नहीं कर पाएंगे. केवल आरोप ही लगाते रह जाएंगे और भाजपा आगे निकलती चली जाएगी. गैरभाजपाई दल तभी भाजपा को मात दे सकते हैं जब वे अपनी बड़ी लकीर खींचने की कोशिश करें. दूसरे की लकीर मिटाने की कोशिश कभी कामयाब नहीं होती.