Lok Sabha Elections 2024: बिहार में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा, तेजस्वी ने कहा- इंडिया गठबंधन मिलकर आम चुनाव में सत्ता से उखाड़ फेकेंगे
By एस पी सिन्हा | Updated: December 23, 2023 15:14 IST2023-12-23T15:14:05+5:302023-12-23T15:14:57+5:30
Lok Sabha Elections 2024: तेजस्वी यादव पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के मौके पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे।

file photo
Lok Sabha Elections 2024: बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा है लोकसभा चुनाव 2024 में बिहार में कोई लड़ाई नहीं है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन मिलकर आम चुनाव में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेकेंगे। बिहार में तो भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा। दरअसल, तेजस्वी यादव पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के मौके पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे।
जहां उनसे सवाल किया गया कि भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का कहना है कि जदयू का राजद में विलय हो जाएगा। जिसके बाद इसका जवाब देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि गिरिराज सिंह अपनी बात को किसी और के मुंह से कहवाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरीके से कहीं भी कुछ नहीं होता है।
अपनी हर भूमिका में किसानों के मूल प्रश्नों को सत्ता के गलियारों तक पहुँचाने एवं उनकी बेहतरी के लिए सतत प्रयास करने वाले महान किसान नेता, पूर्व प्रधानमंत्री और स्वतंत्रता सेनानी चौधरी चरण सिंह जी की जयंती पर आयोजित राजकीय समारोह में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। #Bihar… pic.twitter.com/zU2nq2KATX
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) December 23, 2023
यह तो पहले से ही भाजपा में तय है कि उनके नेता किसी न किसी को कुछ न कुछ बोलते ही रहेंगे। तभी तो लाइमलाइट में आएंगे, वरना उनको कौन पूछेगा। इसके अलावा दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में दिशा निर्देश दिये जाने पर तेजस्वी ने कहा कि बोलने में क्या जाता है बोलने का तो कोई भी यह कह सकता है कि हम ये कर देंगे वो कर देंगे।
हजार बात बोलते हैं। बोलने दिजिए। वह बोलते ही इसलिए कि आप लोग दिखाइए। उन्होंने कहा कि बिहार में लड़ाई कहां है? बिहार में किस बात की लड़ाई है? बोलने और दावे करने वाले जो भी कह लें, लेकिन बिहार में भाजपा के लिए कुछ नहीं बचा है। भाजपा को बेचैनी है क्योंकि इंडिया गठबंधन पूरी तरह से एकजुट है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग इंडिया गठबंधन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी की झूठी खबर फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इससे कोई फायदा नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि बिहार में हमारे सामने इनका खाता भी नहीं खुलेगा, क्योंकि यहां कोई लड़ाई ही नहीं है। इसलिए भाजपा के अंदर बेचैनी है।