आकांक्षा दुबे आत्महत्या मामलाः मौत से पहले भोजपुरी अभिनेत्री के साथ कमरे में 17 मिनट तक था अज्ञात शख्स, माँ ने हत्या का जताया है आशंका
By अनिल शर्मा | Published: March 29, 2023 03:40 PM2023-03-29T15:40:14+5:302023-03-29T15:42:57+5:30
Akanksha Dubey suicide case: पुलिस ने मामले में आकांक्षा दुबे के कथित प्रेमी गायक-अभिनेता समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आकांक्षा वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में स्थित एक होटल के कमरे में मृत पाई थीं। कमरे में वह पंखे से लटकी मिली थीं।
Akanksha Dubey suicide case: भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की आत्महत्या मामले में एक नया मोड़ आया है। पुलिस ने दावा किया है कि घटना की रात होटल के कमरे में आकांक्षा के साथ एक अज्ञात शख्स लगभग 17 मिनट तक रहा था। आकांक्षा को 26 मार्च को एक होटल के कमरे में मृत पाया गया था। पुलिस ने आत्महत्या का संदेह जताया है जबकि अभिनेत्री की माँ का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है।
मामले की वाराणसी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस उस अज्ञात शख्स की तलाश में जुटी है जो घटना की रात आकांक्षा के कमरे में था।इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आकांक्षा अपनी फिल्म 'लायक हूं मैं नालायक नहीं' की शूटिंग के लिए वाराणसी के एक होटल के कमरे में ठहरी हुई थीं।
पुलिस जांच में पता चला है कि जिस रात आकांक्षा अपने होटल के कमरे में मृत पाई गई, उस रात एक अज्ञात व्यक्ति अभिनेत्री को उसके होटल तक छोड़ने गया था। यही नहीं शख्स ने कमरे में लगभग 17 मिनट भी बिताए। पुलिस अब उस शख्स की तलाश कर रही है। आकांक्षा की माँ ने भी अभिनेत्री के आखिरी वीडियो को लेकर दावा किया कि उसके कमरे में कोई था, मेरी बेटी डर की वजह से कुछ बोल नहीं पा रही थी।
गौरतलब है कि पुलिस ने मामले में आकांक्षा दुबे के कथित प्रेमी गायक-अभिनेता समर सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आकांक्षा वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में स्थित एक होटल के कमरे में मृत पाई थीं। कमरे में वह पंखे से लटकी मिली थीं। वह महज 26 साल की थीं। आकांक्षा ने इतना चौंकाने वाला कदम क्यों उठाया, इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है, लेकिन आकांक्षा की मां ने उनकी मौत के लिए उनके बॉयफ्रेंड समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह को जिम्मेदार ठहराया है।
अपनी पुलिस शिकायत में, आकांक्षा की मां ने दावा किया कि समर सिंह उनकी बेटी को पीटता था और उसके भाई ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इस बीच, आकांक्षा की मौत के बाद से समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह फरार हैं और पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है।