'सोच रहे हैं पढ़ाई पूरी की नहीं ,आगे क्या करें', स्मृति ईरानी ने बिल गेट्स के साथ तस्वीर शेयर कर लिखी ये बात, जानें इसके मायने
By पल्लवी कुमारी | Published: November 20, 2019 01:16 PM2019-11-20T13:16:26+5:302019-11-20T13:16:26+5:30
साल 2014 के लोकसभा चुनाव नतीजे के बाद स्मृति ईरानी को मानव विकास संसाधन मंत्री बनाया गया था। जिसके बाद विपक्षी पार्टियों ने स्मृति ईरानी की शैक्षिक योग्यता को लेकर तीखी आलोचना की थी।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने अधिकारक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की, जिसको लेकर वह चर्चा में आ गई हैं। इस तस्वीर में स्मृति ईरानी के साथ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स और माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स भी हैं। इस तस्वीर को शेयर कर स्मृति ईरानी ने लिखा है, "सोच रहे हैं पढ़ाई पूरी करी नहीं, आगे क्या करें।" स्मृति ईरानी द्वारा दिया गया ये कैप्शन चर्चा का विषय बन गया। बिल गेट्स सोमवार को भारत के दौरे पर थे।
असल में स्मृति ईरानी ने कैप्शन के जरिए उन आलोचकों और ट्रोलर्स को तंज करते हुए जवाब दिया, जो हमेशा उनकी शैक्षिक योग्यता पर सवाल उठाते हैं। स्मृति ईरानी हमेशा ही अपने एकेडमिक्स को लेकर आलोचनाओं के शिकार होते रहती हैं। अब सवाल उठता है कि आखिर बिल गेट्स के साथ वाले तस्वीर में ये कैप्शन क्यों? तो बता दें कि दुनिया के अमीर शख्स में शुमार बिल गेट्स ने भी बीच में कॉलेज की पढ़ाई छोड़ दी थी। स्मृति ईरानी की भी कॉलेज पढ़ाई छूट गई थी।
साल 2014 के लोकसभा चुनाव नतीजे के बाद स्मृति ईरानी को मानव विकास संसाधन मंत्री बनाया गया था। तब विपक्षी पार्टी और सोशल मीडिया यूजर्स ने स्मृति ईरानी की शैक्षिक योग्यता को लेकर तीखी आलोचना की थी। स्मृति ईरानी के एफिडेविट के मुताबिक वह 12वीं पास हैं।