चोरी करते समय चोरों को आने लगी नींद तो भागने से पहले बनाकर पी घर में चाय, अखिलेश यादव ने शेयर की खबर
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: November 17, 2022 03:38 PM2022-11-17T15:38:11+5:302022-11-17T15:43:29+5:30
बस्ती जिले के सोनहा थाना से महज चंद कदमों की दूरी पर फेरसम गांव में शिव कुमार का परिवार रहता है जो दिवाली के बाद लखनऊ चला गया था। 15 दिन बाद जब वे घर लौटे तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए।
बस्तीः उत्तर प्रदेश के बस्ती में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां स्थित एक घर में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम तो दिया है साथ ही नींद आने पर घर में चाय बनाकर भी पी। मामले के उजागर होने के बाद पुलिस की काफी थू-थू हो रही है। इस खबर को अखिलेश यादव ने अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है।
खबर के मुताबिक बस्ती जिले के सोनहा थाना से महज चंद कदमों की दूरी पर फेरसम गांव में शिव कुमार का परिवार रहता है जो दिवाली के बाद लखनऊ चला गया था। 15 दिन बाद जब वे घर लौटे तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए। घर से सारे कीमती सामान चोर उठाकर ले जा चुके हैं। यही नहीं घर के किचन में जब परिवार गया तो ये देख हैरान रह गया कि चोरों ने चाय भी बनाकर पी है। गैस चूल्हे पर चाय के बर्तन रखे मिले। एक कप में चाय परोसा भी मिला।
परिवार ने पुलिस थाने पहुंच कर पूरी घटना बताया। घर से कई कीमती सामान और महंगे जेवरात गायब हैं। पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार 27 अक्टूबर को लखनऊ गया था और लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला। पुलिस ने चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज करके छानबीन में जुट गई है।