जिंदा सांप को निगल गया एक साल का बच्चा, मां ने ऐसे निकाला बाहर
By पल्लवी कुमारी | Published: September 6, 2020 12:27 PM2020-09-06T12:27:42+5:302020-09-06T12:27:42+5:30
बच्चा फिलहाल अभी स्वस्थ और खतरे से बाहर है। डॉक्टरों का कहना है कि फौरन अस्पताल आने की वजह से बच्चे को वक्त पर मेडिकल सुविधा मिल पाई है।
नई दिल्ली:उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसको सुन हर कोई हैरान है। बरेली में रहने वाले एक साल भर के बच्चे ने खेल-खेल में जिंदा सांप निगल लिया। शुक्र मनाइए कि ऐसा करते बच्चे पर उसकी मां की नजर पड़ गई और मां ने पूंछ बच्चे के मुंह में देख ली। मां ने तत्काल पूंछ पकड़कर सांप को बाहर खींच लिया। बच्चे को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह पूरा मामला बरेली के फतेहगंज पश्मिची थाना क्षेत्र के भोलापुर का है। बच्चे के पिता धर्मपाल ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उनका एक साल का बेटा शनिवार (5 सितंबर) सुबह घर पर खेल रहा था। इसी बीच बच्चे के पास एक सांप का बच्चा आ गया। इसके बाद बच्चे ने उस सांप के बच्चे को मुंह में रख लिया और सांप धीरे-धीरे अंदर जाने लगा था, लेकिन जैसे मां ने उसे देखा, उसे बाहर निकाल लिया।
हालांकि बच्चे के मुंह से जैसे ही सांप को निकाला गया, सांप की मौत हो चुकी थी। बच्चे के मुंह से निकाले गए सांप के बच्चे की लंबाई 7 इंच थी।
हॉस्पिटल में बच्चे का इलाज जारी है। फौरन इलाज मिलने की वजह से बच्चा अभी ठीक है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चा खतरे से बाहर है। उसे 24 घंटे निगरानी में रखकर डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
आपातकालीन विभाग में डॉ. हरीश चंद्रा ने डॉ. एएम अग्रवाल को मामले की जानकारी दी और 1 वर्षीय बच्चे को एंटी-वेनम इंजेक्शन दिया गया। लड़के को अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में ले जाया गया था। डॉक्टरों का मानना है कि जिस सांप को बच्चे ने निगला था वो क्रेट हैचलिंग है जो बेहद जहरीला है।