googleNewsNext

Shaheen Bagh में गोली चलाने वाला Kapil Gurjar कुछ देर के लिए BJP में हुआ शामिल

By गुणातीत ओझा | Published: December 30, 2020 10:32 PM2020-12-30T22:32:49+5:302020-12-30T22:34:07+5:30

दिल्ली के शाहीनबाग में नागरिकता संशोधन कानून विरोधी आंदोलन के दौरान हवाई फायरिंग करने वाले कपिल गुर्जर ने आज सुबह भाजपा की सदस्यता हासिल की और शाम होते ही पार्टी ने उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया।

शाहीन बाग में गोली चलाने वाला सुबह BJP में शाम को बाहर

दिल्ली (Delhi) के शाहीनबाग (Shaheen Bagh) में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) विरोधी आंदोलन के दौरान हवाई फायरिंग करने वाले कपिल गुर्जर (Kapil Gurjar) उर्फ कपिल बैसला ने आज सुबह भाजपा (BJP) की सदस्यता हासिल की और शाम होते ही पार्टी ने उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया। गाजियाबाद (Ghaziabad) में भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने बुधवार 30 दिसंबर को उसे भाजपा की सदस्यता दिलाई। इसके बाद पार्टी की जमकर फजीहत हुई। विपक्षी दलों के अलावा सोशल मीडिया (Social Media) पर भी लोगों ने गुर्जर के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी को निशाने पर लेना शुरू कर दिया था। पार्टी की छवि धूमिल होते देख बुधवार की शाम ही भाजपा कपिल गुर्जर से अपना पीछा छुड़ा लिया और उसकी सदस्यता रद्द कर दी।

भाजपा ने कपिल गुर्जर की सदस्यता को अमान्य करार दिया है। भाजपा के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने बुधवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'गाजियाबाद के कपिल गुर्जर की विचारधारा भाजपा के अनुरूप नहीं है। उनकी सदस्यता को भारतीय जनता पार्टी द्वारा अमान्य करार दिया जाता है।' गुर्जर ने गाजियाबाद में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी, जिसके बाद से सोशल मीडिया पर यह खबर वायरल हो गई।

बुधवार को गुर्जर की सदस्यता को अमान्य घोषित किए जाने के बाद भाजपा के गाजियाबाद प्रभारी संजीव शर्मा ने मामले पर अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद महानगर कार्यालय पर बीएसपी छोड़कर आए कुछ युवा कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल करवाया गया, इसमें कुछ व्यक्तियों के साथ कपिल गुर्जर भी शामिल था। हमें उसके विवादित शाहीन बाग मामले की जानकारी नहीं थी।

शर्मा ने आगे कहा कि घटना की पूर्ण जानकारी होने के बाद प्रदेश नेतृत्व के द्वारा कपिल गुर्जर का पार्टी में शामिल किया जाना तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया। बता दें कि साल की शुरुआत में शाहीन बाग इलाके में नागरिकता कानून के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान गुर्जर ने हवाई फायरिंग की थी। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। गुर्जर को 25 हजार के निजी मुचलके पर जमानत दी गई थी। घटना के दौरान गुर्जर का संबंध आम आदमी पार्टी से जोड़ा गया था।

टॅग्स :भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी)कैब प्रोटेस्टशाहीन बाग़ प्रोटेस्टBharatiya Janata Party (BJP)Citizenship Amendment Act CAA ProtestShaheen Bagh protests