शादी के पहले साल में भाग जाना चाहती थीं फराह खान, फिल्ममेकर ने बताया इसका कारण
By मनाली रस्तोगी | Published: July 5, 2022 02:31 PM2022-07-05T14:31:31+5:302022-07-05T14:31:52+5:30
कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान ने खुलासा किया कि वो अपनी शादी के पहले साल ही भाग जाना चाहती थीं। उन्होंने इसका कारण भी बताया कि आखिर वो ऐसा क्यों करना चाहती थीं।
मुंबई: अक्सर ही अपनी फिल्मों या दोस्तों को लेकर फराह खान चर्चा का विषय बनी रहती हैं। हालांकि, इस बार वो अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से सुर्खियां बटोर रही हैं। दरअसल, टीवी शो 'स्वयंवर- मीका दी वोटी' में कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान नजर आने वाली हैं। वहीं, इस दौरान वो शादी पर अपने विचार साझा किए।
वहीं, शादी के बारे में अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए फराह ने कहा, "मुझे लगता है कि शादी करने की कोई मानक उम्र नहीं होती। आपको सही व्यक्ति मिलने पर शादी करनी चाहिए। मैं अपनी शादी के पहले साल में ही भाग जाना चाहती थी क्योंकि एडजस्ट करना बहुत मुश्किल होता है।" फिलहाल, फराह शिरीष कुंदर के साथ अपनी शादी में खुश हैं। दोनों के तीन बच्चे भी हैं।
फराह खान और शिरीष कुंदर की लव लाइफ के बारे में बात करें तो दोनों ने 9 दिसंबर 2004 को शादी की थी। शिरीष फिल्म 'मैं हू ना' के एडिटर रहे हैं। यही नहीं, फराह खान और शिरीष कुंदर कई फिल्मों पर भी एकसाथ काम कर चुके हैं। जान- ए- मन, ओम शांति ओम और तीस मार खान वो फिल्में हैं, जिसपर दोनों ने साथ काम किया है।