राहुल गांधी की फटकार के बाद सीपी जोशी ने पीएम मोदी और उमा भारती पर किए कमेंट के लिए जताया खेद

By भाषा | Published: November 23, 2018 01:16 PM2018-11-23T13:16:42+5:302018-11-23T13:16:42+5:30

राहुल गांधी ने ट्वीट करके कहा था कि 'कांग्रेस के सिद्धांतों, कार्यकर्ताओं की भावना का आदर करते हुए जोशीजी को जरूर गलती का अहसास होगा। उन्हें अपने बयान पर खेद प्रकट करना चाहिए।' 

rajasthan assembly election 2018 cp joshi regret for comment on pm modi and uma bharti after rahul gandhi rebuked him | राहुल गांधी की फटकार के बाद सीपी जोशी ने पीएम मोदी और उमा भारती पर किए कमेंट के लिए जताया खेद

राहुल गांधी की फटकार के बाद सीपी जोशी ने पीएम मोदी और उमा भारती पर किए कमेंट के लिए जताया खेद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री उमा भारती के संदर्भ में दिए कथित विवादित बयान को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा खारिज किए जाने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी ने शुक्रवार को खेद प्रकट किया।

गांधी ने जोशी के कथित विवादित बयान को खारिज करते हुए कहा था कि जोशी को खेद प्रकट करना चाहिए।

राहुल की इस टिप्पणी के बाद जोशी ने ट्वीट कर कहा, 'कांग्रेस के सिद्धांतों एवं कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए मेरे कथन से समाज के किसी वर्ग को ठेस पहुँची हो तो मैं उसके लिए खेद प्रकट करता हूँ।' 

इससे पहले गांधी ने ट्वीट कर कहा था, 'सी पी जोशी जी का बयान कांग्रेस पार्टी के आदर्शों के विपरीत है। पार्टी के नेता ऐसा कोई बयान न दें जिससे समाज के किसी भी वर्ग को दुःख पहुँचे।'

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस के सिद्धांतों, कार्यकर्ताओं की भावना का आदर करते हुए जोशीजी को जरूर गलती का अहसास होगा। उन्हें अपने बयान पर खेद प्रकट करना चाहिए।' 

सोशल मीडिया एवं कुछ चैनलों पर प्रसारित वीडियो में के मुताबिक जोशी प्रधानमंत्री मोदी एवं उमा भारती की जाति पर कथित तौर पर सवाल करते हुए कह रहे हैं कि धर्म पर केवल ब्राह्मण ही बात कर सकते हैं।

कहा जा रहा है कि यह जोशी ने यह कथित बयान राजस्थान के नाथद्वारा में दिया है जहाँ से वह विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

बाद में विवाद बढ़ने पर सीपी जोशी ने ट्वीट कर भाजपा पर उनके बयान को तोड़-मोड़कर पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया है, वो इसकी कड़ी निंदा करते हैं।

अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे सीपी जोशी

माना जा रहा है कि कांग्रेसी नेता सीपी जोशी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के राजस्थान में दिए उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें शाह ने कहा था कि बीजेपी अयोध्या में राम मंदिर बनाने को लेकर कटिबद्ध है और वह अपने इस संकल्प से जरा सा भी पीछे नहीं हटेगी। 

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता के सवाल पर शाह ने कहा था कि ‘‘अयोध्या में जहां रामलला विराजमान हैं, उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर बने, इसके लिए भारतीय जनता पार्टी कटिबद्ध है और यह हमारा देश से वादा है। इसमें एक इंच भी वापस आने का कोई सवाल नहीं है।’’ 

शाह ने कहा था कि ‘‘जनवरी में अदालत में तारीख है और हमें पूरी आशा है कि राम जन्मभूमि मामले पर तेजी से सुनवाई होगी तथा फैसले के बाद वहां भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा। परंतु भाजपा अपने वचन से एक इंच भी पीछे नहीं जा सकती। उसी स्थान पर और डिजाइन के हिसाब से ही भव्य राम मंदिर का निर्माण करना यह भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है जिसे लेकर हमारे मन में कोई संशय नहीं है।’’ 

Web Title: rajasthan assembly election 2018 cp joshi regret for comment on pm modi and uma bharti after rahul gandhi rebuked him

राजनीति से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे