मुकेश और नीता अंबानी बने दादा-दादी, बेटे आकाश की पत्नी श्लोका ने बेटे को जन्म दिया

By संदीप दाहिमा | Published: December 10, 2020 04:02 PM2020-12-10T16:02:46+5:302020-12-10T16:07:31+5:30

Next

भारत के सबसे धनी व्यक्ति मुकेश अंबानी दादा बन गए हैं।

मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी की पत्नी श्लोका ने गुरुवार सुबह 11 बजे मुंबई में बेटे को जन्म दिया। अंबानी परिवार के एक प्रवक्ता की ओर से इस बारे में जानकारी दी गई।

प्रवक्ता की ओर से बयान जारी कर बताया गया, 'नीता और मुकेश अंबानी पहली बार दादा-दादी बनकर बहुत खुश हैं। वे धीरूभाई और कोकिलाबेन अंबानी के परपोते का स्वागत करते हैं।

श्लोका और आकाश अंबानी आज माता-पिता बन गए है। उनके घर बेटे का जन्म हुआ है। मां और बेटे दोनों ठीक हैं। नए मेहमान के आगमन ने मेहता और अंबानी परिवार में खुशियों की नई सौगात ला दी है।'

बता दें कि आकाश दरअसल मुकेश और नीता अंबानी के सबसे बड़े बेटे हैं। पिछले ही साल 9 मार्च, 2019 को वे श्लोका मेहता के साथ शादी के बंधन में बंधे थे। श्लोक दरअसल मोना और रसेल मेहता की बेटी हैं।

आकाश और श्लोका स्कूल के दिनों से दोस्त रहे हैं। दोनों की स्कूल की पढ़ाई धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से हुई। बाद में श्लोका ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से लॉ में मास्टर्स डिग्री हासिल की थी। श्लोका सोशल वर्कर भी हैं।

श्लोका और आकाश की शादी काफी धूमधाम से पिछले साल हुई थी। इसमें देश-विदेश के नामी शख्स शामिल हुए थे। बॉलीवुड स्टार्स से लेकर संयुक्त राष्ट्र के पूर्व सचिव बान की मून, पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और उनकी पत्नी चेरी ब्लेयर ने शादी समारोह में हिस्सा लिया था।

इसके अलावा गूगल सीईओ सुंदर पिचाई, माइक्रोसॉफ्ट सीईओ सत्या नडेला और कई बड़े राजनेता भी इस शादी का हिस्सा बने थे।