पंजाब राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में
By भाषा | Updated: December 13, 2021 19:51 IST2021-12-13T19:51:19+5:302021-12-13T19:51:19+5:30

पंजाब राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में
पुणे, 13 दिसंबर पंजाब सोमवार को यहां आंध्र प्रदेश को 7-1 से करारी शिकस्त देकर हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गयी।
पंजाब पूल डी में अपने सभी मैच जीतकर अजेय रहा और छह अंक के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंचा। अंडमान एवं निकोबार की टीम के नहीं आने के कारण इस पूल में केवल तीन टीमें शामिल थी। आंध्र प्रदेश की टीम इस हार के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गयी।
पंजाब की तरफ से रूपिंदर पाल सिंह (दूसरे), लवप्रीत सिंह (पांचवें), रणजोत सिंह (19वें), सुदर्शन सिंह (29वें और 55वें मिनट), परमप्रीत सिंह (40वें) और संकल्प सिंह (42वें मिनट) ने गोल किये। आंध्र प्रदेश के लिये एकमात्र गोल अर्जिपिनेनी बालाजी ने 26वें मिनट में किया।
इस बीच कर्नाटक और चंडीगढ़ ने भी अजेय अभियान जारी रखकर क्वार्टर फाइनल की तरफ कदम बढ़ाये। कर्नाटक ने पूल सी में पुदुच्चेरी को 4-1 से और चंडीगढ़ ने पूल ई में मणिपुर को 1-0 से हराया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।