Padma Awards 2020: मैरी कॉम को पद्म विभूषण, पीवी सिंधु को पद्म भूषण सम्मान, जहीर खान समेत 6 खिलाड़ियों को मिलेगा पद्म श्री

By भाषा | Published: January 26, 2020 08:23 AM2020-01-26T08:23:33+5:302020-01-26T08:23:33+5:30

Padma Awards 2020: 2020 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है, खेलों में मैरी कॉम को पद्म विभूषण और पीवी सिंधु को पद्म भूषण मिलेगा

Padma Awards 2020: Mary Kom Awarded Padma Vibhushan, PV Sindhu to get Padma Bhushan, Zaheer Khan among 6 players to get padma Shri | Padma Awards 2020: मैरी कॉम को पद्म विभूषण, पीवी सिंधु को पद्म भूषण सम्मान, जहीर खान समेत 6 खिलाड़ियों को मिलेगा पद्म श्री

एमसी मैरीकॉम को मिलेगा पद्म विभूषण सम्मान

Highlightsइस साल कुल आठ खिलाड़ियों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना गया है मैरी कॉम को पद्म विभूषण और पीवी सिंधु को पद्म भूषण से किया जाएगा सम्मानित

नई दिल्ली: छह बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम को शनिवार को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘पद्म विभूषण’ के लिये और बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को पद्म भूषण सम्मान के लिए चुना गया। पद्म पुरस्कारों के लिए कुल आठ खिलाड़ियों को चुना गया है जिसमें पद्म श्री के लिए छह नामों की घोषणा की गयी है।

सरकार ने 71वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा की। 36 साल की मुक्केबाज मैरी कॉम राज्यसभा की सदस्य भी है। उन्होंने अपने शानदार करियर में छह बार विश्व चैंपियन बनने के अलावा 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीता है।

मणिपुर की इस मुक्केबाज को इससे पहले 2013 में पद्म भूषण और 2006 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। वह शतरंज के जादूगर विश्वनाथन आनंद, पर्वतारोही एडमंड हिलेरी और महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बाद पद्म विभूषण हासिल करने वाली देश की चौथी खिलाड़ी हैं।

पीवी सिंधु को मिलेगा पद्म भूषण

तेंदुलकर को बाद में 2014 में देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। चौबीस साल की सिंधु ने 2016 में रियो ओलंपिक में रजत पदक जीता था और वह विश्व चैंपियन बनने वाली इकलौती भारतीय खिलाड़ी हैं। विश्व चैम्पियनशिप में पिछले साल स्वर्ण जीतने वाली सिंधु ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में दो रजत और कांस्य पदक भी हासिल की है। सिंधु को 2015 में पद्म श्री से सम्मानित किया जा चुका है।

इन 6 खिलाड़ियों को दिए जाएंगे पद्म श्री सम्मान

पद्म श्री पुरस्कार के लिए जिन छह नामों की घोषणा की गयी है उनमें क्रिकेटर जहीर खान, भारतीय महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल, पूर्व हाकी खिलाड़ी एमपी गणेश, निशानेबाज जीतू राय, भारतीय महिला फुटबॉल टीम की पूर्व कप्तान ओनाम बेमबेम देवी और तीरंदाज तरुणदीप राय शामिल हैं।

जहीर को देश का प्रतिनिधित्व करने वाले सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में गिना जाता है। 41 साल का यह पूर्व क्रिकेटर 2011 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा था। वह टेस्ट में कपिल देव के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज हैं।

पच्चीस साल की रानी रामपाल ने 200 से अधिक मैचों में देश का प्रतिनिधित्व किया है। उनकी कप्तानी में टीम ने टोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए क्वॉलीफाई किया है। इस साल सात प्रमुख हस्तियों को पद्म विभूषण के लिए चुना गया है जबकि पद्मभूषण के लिए 16 और पद्मश्री के लिए 118 लोग चुने गये हैं।

Web Title: Padma Awards 2020: Mary Kom Awarded Padma Vibhushan, PV Sindhu to get Padma Bhushan, Zaheer Khan among 6 players to get padma Shri

अन्य खेल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे