कुश्ती संघ से जारी विवाद के बीच क्रोएशिया जाएंगे भारतीय पहलवान, जेगरेब ओपन में हिस्सा लेंगे
By शिवेंद्र राय | Published: January 26, 2023 05:05 PM2023-01-26T17:05:57+5:302023-01-26T17:08:25+5:30
जो 55 खिलाड़ी जेगरेब ओपन में हिस्सा लेंगें उनमें 12 महिला पहलवान, 11 ग्रीको-रोमन पहलवान और 13 फ्रीस्टाइल श्रेणी के पुरुष पहलवान शामिल हैं। क्रोएशिया जाने वाली टीम में रवि कुमार दहिया, बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट, अंशु मलिक और दीपक पुनिया भी शामिल हैं

क्रोएशिया में 1 से 5 फरवरी तक खेला जाएगा जेगरेब ओपन टूर्नामेंट
नई दिल्ली: भारतीय कुश्ती संघ से जारी विवाद के बीच भारतीय पहलवान एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए क्रोएशिया जाएंगे। भारत सरकार ने भी इसकी अनुमति दे दी है। क्रोएशिया में होने वाले जेगरेब ओपन के लिए भारत की पुरुष और महिला दोनो टीमों को भारत सरकार की तरफ से अनुमति मिली है। ये टूर्नामेंट क्रोएशिया में 1 से 5 फरवरी तक खेला जाएगा और इसके लिए 55 सदस्यीय दल को मंजूरी दी गई है।
जो 55 खिलाड़ी जेगरेब ओपन में हिस्सा लेंगें उनमें 12 महिला पहलवान, 11 ग्रीको-रोमन पहलवान और 13 फ्रीस्टाइल श्रेणी के पुरुष पहलवान शामिल हैं। क्रोएशिया जाने वाली टीम में रवि कुमार दहिया, बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट, अंशु मलिक और दीपक पुनिया भी शामिल हैं। इस टीम का चयन खेल मंत्रालय द्वारा बनाई गई ओवरसाइट समिति ने किया है।
बता दें कि ओवरसाइट समिति का गठन भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर लगे आरोपों के बाद मामले की जांच के लिए किया गया है। इसमें बॉक्सर मेरी कॉम, योगेश्वर दत्त, तृप्ति मुरगुंडे, कैप्टन राजगोपाल और राधिका श्रीमन शामिल हैं। क्सर मेरी कॉम इस समिति की अध्यक्ष हैं।
क्या है विवाद
भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और बीजेपी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पिछले दिनों कई भारतीय पहलवानों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जंतर-मंतर पर धरना दिया था। विनेश फोगाट ने तो जभूषण शरण सिंह यौन शोषण के आरोप भी लगाए थे। मामला बढ़ने पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदर्शन कर रहे पहलवानों की बीच बैठक हुई, जिसमें सिंह पर लगे आरोपों की जांच होने तक उन्हें पद से हटने को कहा गया। हालांकि पहलवानों के आरोपों को बृजभूषण ने सिरे से नकार दिया था। उन्होंने कहा कि अगर उन पर लगाए आरोप सिद्ध होते हैं, तो वे फांसी पर लटकने को तैयार हैं।
इस मामले की जांच के लिए खेल मंत्रालय द्वारा बनाई गई समिति का भी पहलवानों ने विरोध किया है। पहलवानों के मुताबिक इस जांच समिति को बनाए जाने से पहले उनकी राय नहीं ली गई।