पूर्व भारतीय एथलीट इकबाल सिंह पत्नी और मां की हत्या के आरोप में अमेरिका में गिरफ्तार
By भाषा | Published: August 26, 2020 02:04 PM2020-08-26T14:04:31+5:302020-08-26T14:04:31+5:30
Iqbal Singh: पूर्व भारतीय एथलीट इकबाल सिंह को अपनी पत्नी और मां के हत्या के आरोप में अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है, आरोपों की प्रकृति को देखते हुए उसे जमानत नहीं मिली
वॉशिंगटन: भारत के लिये एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले पूर्व एथलीट इकबाल सिंह को अपनी पत्नी और मां के हत्या के आरोप में अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। मीडिया रिपोर्टों में यह जानकारी दी गयी है। ‘द फिलाडेल्फिया इन्क्वायरर’ ने अधिकारियों के हवाले से कहा है कि पेनसिल्वेनिया के डेलवारे काउंटी के रहने वाले 62 वर्षीय इकबाल सिंह ने रविवार की सुबह पुलिस को फोन किया और अपना अपराध कबूल किया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिस जब न्यूटाउन टाउनशिप में इकबाल के आवास पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि वह खून से लथपथ हैं और उसने खुद को भी चोट पहुंचायी है। घर के अंदर दो महिलाओं के शव पड़े थे। इसमें कहा गया है इकबाल पर सोमवार को हत्या के आरोप तय किये गये और उन्हें हिरासत में रखा गया है।
इकबाल ने 1983 एशियाई चैंपियनशिप में जीता था ब्रॉन्ज मेडल
आरोपों की प्रकृति को देखते हुए उन्हें जमानत नहीं मिली। उसने अपना पक्ष रखने के लिये किसी वकील की सेवाएं नहीं ली हैं। इकबाल गोला फेंक के एथलीट थे और उन्होंने 1983 में कुवैत में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।
यह उनके खेल करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि थी। इसके बाद वह अमेरिका जाकर बस गये थे। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार वह टैक्सी कैब ड्राइवर के रूप में काम कर रहे थे। एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार इकबाल को उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया जहां वह पुलिस हिरासत में हैं।