इलाहाबाद लोकसभा सीटः बीजेपी की रीता बहुगुणा के सामने सपा ने राजेंद्र पटेल को उतारा, जानें इनका राजनीतिक सफर

By आदित्य द्विवेदी | Published: April 20, 2019 02:40 PM2019-04-20T14:40:05+5:302019-04-20T14:40:05+5:30

समाजवादी पार्टी ने शनिवार को फूलपुर और इलाहाबाद के प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया। फूलपुर से पंधारी यादव और इलाहाबाद से राजेंद्र पटेल को टिकट दिया गया है।

Who is Rajendra Singh Patel, Samajwadi Party (SP) fields Allahabad candidate | इलाहाबाद लोकसभा सीटः बीजेपी की रीता बहुगुणा के सामने सपा ने राजेंद्र पटेल को उतारा, जानें इनका राजनीतिक सफर

इलाहाबाद लोकसभा सीटः बीजेपी की रीता बहुगुणा के सामने सपा ने राजेंद्र पटेल को उतारा, जानें इनका राजनीतिक सफर

उत्तर प्रदेश की हाई प्रोफाइल इलाहाबाद संसदीय सीट पर समाजवादी पार्टी ने राजेंद्र सिंह पटेल को प्रत्याशी बनाया है। यहां भारतीय जनता पार्टी ने 26 मार्च को ही डॉ रीता बहुगुणा जोशी को उम्मीदवार बनाया है। राजेंद्र पटेल पूर्व विधायक स्वर्गीय महेंद्र सिंह के भाई हैं। इनके भतीजे प्रवीण पटेल फूलपुर से बीजेपी विधायक हैं। राजेंद्र पटेल ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत जनता दल से की थी। जनता दल में प्रदेश उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी रह चुके हैं। देखना दिलचस्प होगा कि क्या राजेंद्र पटेल की दावेदारी रीता बहुगुणा जोशी को टक्कर दे पाएगी।

रीता जोशी का इलाहाबाद कनेक्शन

डॉ. रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद की मेयर रह चुकी हैं। उनके पिता हेमवती नंदन बहुगुणा ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में इलाहाबाद संसदीय सीट से 1971 में जीत दर्ज की थी। उन्हें रिकॉर्ड 58.84 प्रतिशत मत प्राप्त हुए थे। उनकी मां कमला बहुगुणा ने 1977 के चुनाव में फूलपुर सीट से जीत हासिल की थी। डॉ रीता बहुगुणा ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से ही पढ़ाई की और वहीं प्रोफेसर बन गईं। 24 साल तक कांग्रेस पार्टी में रहने के बाद साल 2016 में उन्होंने बीजेपी ज्वॉइन कर ली।

हाई प्रोफाइल सीट है इलाहाबाद

संगम नगरी प्रयागराज धार्मिक, आध्यात्मिक और राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण शहर है। इस लोकसभा सीट ने देश को दो प्रधानमंत्री दिए हैं- लाल बहादुर शास्त्री और वीपी सिंह। इसके अलावा हेमवतीनंदन बहुगुणा, मुरली मनोहर जोशी और जनेश्वर मिश्र जैसे दिग्गज नेता भी इसी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। बॉलीवुड के 'शहंशाह' अमिताभ बच्चन भी 1984 में कांग्रेस के टिकट पर इलाहाबाद लोकसभा सीट से चुनाव जीत चुके हैं। 

इलाहाबाद लोकसभा सीटः 2014 चुनाव के नतीजे

2014 लोकसभा चुनाव में इलाहाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी के श्यामा चरण गुप्ता ने जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 3,13,772 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर समाजवादी पार्टी के रेवती रमण सिंह थे। 2014 से पहले लगातार दो चुनाव में समाजवादी पार्टी के कुंवर रेवती रमण सिंह ने जीत दर्ज की थी। 

इलाहाबाद लोकसभा सीटः कुछ जरूरी बातें

- 2011 की जनगणना के अनुसार इलाहाबाद की कुल आबादी 1,216,719 है जिसमें 53 प्रतिशत पुरुष और 47 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं। इलाहाबाद की औसत साक्षरता दर 74.41 प्रतिशत है।

- इलाहाबाद लोकसभा सीट पर कुल 1,666,569 मतदाता हैं। इसमें महिला मतदाताओं की संख्या 7,49,001 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 9,17,403 है। 

- इलाहाबाद में हाईकोर्ट, उत्तर प्रदेश राज्य लोकसेवा आयोग, राज्य पुलिस मुख्यालय, उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय स्थित है। 

- इलाहाबाद के दर्शनीय स्थलों में पुराना किला, स्वराज भवन, संगम, अक्षयवट, सरस्वती कूप, खुशरू बाग, चंद्रशेखर आजाद पार्क इत्यादि हैं।  

- इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पांच विधानसभा सीट हैं- इलाहाबाद दक्षिण, बारा, करछना, कोरांव और मेजा।

Web Title: Who is Rajendra Singh Patel, Samajwadi Party (SP) fields Allahabad candidate