वायलिन वादक जोग का निधन

By भाषा | Published: October 31, 2021 12:41 PM2021-10-31T12:41:20+5:302021-10-31T12:41:20+5:30

Violinist Jog passes away | वायलिन वादक जोग का निधन

वायलिन वादक जोग का निधन

पुणे, 31 अक्टूबर प्रख्यात वायलिन वादक प्रभाकर जोग का रविवार को यहां अपने आवास पर अधिक आयु संबंधी दिक्कतों के कारण निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। उनके परिवार के करीबी सूत्रों ने यह जानकारी दी।।

उन्होंने भारत और दुबई में 'गनारे वायलिन' शो के तौर पर 80 से अधिक एकल कार्यक्रम पेश किया था। छह दशकों से अधिक समय तक संगीतज्ञ और संगीतकार के रूप में काम करने वाले जोग ने मराठी और हिंदी फिल्म संगीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक बयान में कहा कि संगीत क्षेत्र ने एक सच्चा साधक खो दिया है।

बारह वर्ष की आयु में, जोग ने संगीत कार्यक्रमों में वायलिन बजाना शुरू कर दिया था क्योंकि पिता की अप्रत्याशित मृत्यु के बाद उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। उन्होंने बाद में संगीतकार सुधीर फड़के (जो बाबूजी के नाम से लोकप्रिय थे) के सहायक के रूप में काम किया। 'गीत रामायण' सीरीज के गीतों में जोग की वायलिन धुनें हैं। उन्होंने फड़के के साथ 'गीत रामायण' के करीब 500 शो किए।

फिल्मों में, उन्हें मराठी फिल्म "श्री गुरुदेवदत्त" में वायलिन वादक के रूप में पहला काम मिला। उन्हें कई पुरस्कार और सम्मान प्राप्त हुए थे जिनमें 2015 में ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ के लिए प्रतिष्ठित गान सम्राज्ञी लता मंगेशकर पुरस्कार भी शामिल है।

जोग की आत्मकथा "स्वर आले जुलुनी" में उनके जीवन और उनकी संगीत यात्रा का विवरण है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Violinist Jog passes away

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे