Lok Sabha Elections 2019: राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) नेता उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार के दरभंगा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर विवादित तरीके से निशाना साधा। उपेंद्र कुशवाहा ने बीजेपी की तुलना रामलीला की पात्र माता सीता से की। उन्होंने कहा कि रामलीला के मंचन के दौरान जब पर्दा उठता है तो सीता मैया के आगे लोग सिर झुका लेते हैं लेकिन पर्दे के पीछे वही सीता मैया सिगरेट पीती रहती है, ऐसी ही भारतीय जनता पार्टी है।
उपेंद्र कुशवाहा की विवादित टिप्पणी का वीडियो समाचार एजेंसी एएनआई ने ट्वीट किया है जिसमें वह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं, ''रामलीला तो आप लोगों ने देखा है न.. रामलीला जो होता है.. मंच सजता है, पर्दा लगा रहता है, पर्दा जब उठता है तो सब पात्रों में से एक व्यक्ति सीता का रूप धारण करके आता है.. माता सीता.. देवी का रूप धारण करके.. सुंदर देवी सीता.. मैया का रूप धारण करके.. माताएं-बहनें जो देखती रहती हैं रामलीला वो सर झुका लेती हैं सीता जी को देखकर.. इतना सम्मान.. देवी का रूप है.. तो पर्दा के बाहर का रूप देवी का लेकिन वही सीता जी को पर्दा के पीछे जाकर के देख लीजिए तो वही सीता जी सिगरेट पीती हुई रहती है.. बस यही भारतीय जनता पार्टी का चेहरा है। अंदर सब करम-कुकर्म.. बाहर में ऐसा है कि भगवान का रूप हैं.. देवी के रूप में..।''
वीडियो में उपेंद्र कुशवाहा आगे कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि ''देवी वाला जो रूप है वो तो जनता के सामने आते हैं.. लोग मंच पर देखते हैं और सिगरेट वाला रूप हम अंदर देखकर आए हैं। हम मंत्री थे उनके साथ तो अंदर हम देखकर आए हैं..।''
बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा एनडीए से अलग होकर अब बिहार में महागठबंधन का हिस्सा है।