मूसलाधार बारिश से नुकसान झेलने वाले किसानो को मुआवजा दे उप्र सरकार: प्रियंका
By भाषा | Published: September 17, 2021 07:02 PM2021-09-17T19:02:54+5:302021-09-17T19:02:54+5:30
नयी दिल्ली, 17 सितंबर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण फसल को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि राज्य की भाजपा सरकार को प्रभावित किसानों को मुआवजा प्रदान करना चाहिए।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘उप्र में मूसलाधार बारिश के चलते कई जगहों पर किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। मंदी और महंगाई की मार झेल रहे किसानों पर एक और विपदा टूट पड़ी है। मैं उप्र सरकार से निवेदन करती हूं कि किसानों के नुकसान का आकलन कर उनको उचित मुआवजा दिया जाए।’’
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मॉनसून ने खासा जोर पकड़ लिया है और गत बुधवार से इन इलाकों में ज्यादातर स्थानों पर मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान हुई तेज बारिश के कारण हुए हादसों में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।