हनुमान जी ,शिवाजी और चे ग्वेरा की वजह से नहीं लड़ रहीं उमा भारती लोकसभा चुनाव!
By पल्लवी कुमारी | Published: April 15, 2019 04:09 PM2019-04-15T16:09:01+5:302019-04-15T16:09:01+5:30
केंद्रीय मंत्री उमा भारती को बीजेपी ने अपना राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। वर्तमान लोकसभा में झांसी का प्रतिनिधित्व करने वाली उमा भारती ने आम चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें इस पद पर नियुक्त किया था।
भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) की वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री उमा भारती इस बार लोकसभा चुनाव 2019 नहीं लड़ रही हैं। लेकिन उमा भारती ने चुनाव ना लड़ने का कारण भी बताया है। उमा भारती ने कहा है कि वह भगवान हनुमान, छत्रपति शिवाजी और मार्क्सवादी क्रांतिकारी चे ग्वेरा से प्रभावित होकर इस बार का लोकसभा चुनाव ना लड़ने का फैसला किया है। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में उमा भारती ने ये दिलचस्प बयान दिया है। हालांकि उमा भारती ने पहले कहा था कि वह वह मई से 18 महीने की तीर्थयात्रा पर जाना चाहती हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया के पत्रकार ने जब उमा भारती से पूछा कि आप बीजेपी की फायरब्रैंड नेता हैं, तो आपको नहीं लगता कि इस चुनाव में बीजेपी को आपकी कमी खलेगी?
उमा भारती ने कहा, ''मैं अपनी जिंदगी में तीन लोगों से बहुत प्रभावित हूं, पहले हनुमान जी, दूसरे चे ग्वेरा और तीसरे छत्रपति शिवाजी। चे ग्वेरा जीते थे और वह नेता फिदेल कास्त्रो के साथ हो गए थे। लेकिन अचानक उनको एहसास हुआ और उन्होंने कहा, एक अलग देश उनका इंतजार कर रहा है। उन्होंने इसके बाद सत्ता और सारी सुविधाएं त्याग दीं। वो दूसरे देश जाकर लड़े और वहां उसके दौरान उनकी मौत हो गई। इसी तरह हनुमान भी एक मिसाल हैं। हनुमान ने भी सबकुछ के लिए लड़ाई की, जो जिम्मेदारियां उनको सौंपी गईं उनको पूरा किया और आखिर में भगवान राम की चरणों में चले गए। ठीक इसी तरह मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी भी थे। इसलिए मैं जो भी करती हूं...पहले इनको याद कर लेती हूं।मैंने इनसे प्रभावित होकर ही ये फैसला किया है। अभी सबकुछ का वक्त है लेकिन मैं गंगा की सफाई करना चाहूंती हूं आने वाले पांच सालों तक। मेरे लिए सांसद बनना और मंत्री बनना किसी शक्ति का परिचायक नहीं है।''
केंद्रीय मंत्री उमा भारती को बीजेपी ने अपना राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। वर्तमान लोकसभा में झांसी का प्रतिनिधित्व करने वाली उमा भारती ने आम चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें इस पद पर नियुक्त किया था।
उमा भारती बीजेपी की ऐसी नेताओं में से एक हैं, जो राम मंदिर के आंदोलन से जुड़ी थीं। उमा भारती की अगुआई में बीजेपी ने 2003 में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। 2014 के लोकसभा चुनाव में उमा झांसी लोकसभा सीट से निर्वाचित हुई थीं।