कर्नाटक में सियासी संकट जारी
कर्नाटक में जारी सियासी संकट अब भी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। कांग्रेस-जेडी (एस) गठबंधन नेता लगातार अपने बागी विधायकों को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पांच और विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष द्वारा इस्तीफा स्वीकार नहीं किए जाने पर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। इस बीच बीजेपी सोमवार को विधान सभा में शक्ति परीक्षण कराने पर अड़ी हुई है। बता दें कि कर्नाटक में कांग्रेस-जेडी (एस) गठबंधन सरकार में है। उसके 16 विधायकों ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया है। इनमें से 13 विधायक कांग्रेस के और तीन जेडी (एस) के हैं।
आज देर रात होगा चंद्रयान-2 लॉन्च
भारत आज देर रात 2.51 बजे अपने महत्वकांक्षी स्पेश मिशन चंद्रयान-2 को लॉन्च कर देगा। सफल लॉन्चिंग के बाद चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-2 को लैंड कराने में करीब 2 महीने का समय लगेगा। भारत का यह पहला यान होगा जो चंद्रमा की सतह पर लैंड करेगा। अगर सबकुछ ठीक रहा तो यान 6 सितंबर को चांद की सतह पर उतर सकता है। इससे पहले भारत ने 2008 में चंद्रयान-1 मिशन को लॉन्च किया था और पूरी तरह सफल रहा था। चंद्रयान-1 हालांकि चंद्रमा की सतह पर नहीं उतरा था। चंद्रयान-2 मिशन पर कुल 978 करोड़ रुपये की लागत आई है। चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग के लिए काउंटडाउन रविवार सुबह 6.51 बजे शुरू हो गया।
करतारपुर कॉरिडोर पर भारत-पाक के बीच बातचीत
करतारपुर कॉरिडोर को पूरा करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही के मुद्दे पर भारत और पाकिस्तान के अधिकारियों के बीच आज बैठक होगी। दोनों देशों के बीच ये बैठक दूसरी बार होगी। ये बैठक बाघा बॉर्डर पर होनी है। पिछले साल करतारपुर कॉरिडोर को बनाने पर दोनों देशों के बीच सहमति बनी थी। इसे नवंबर में गुरुनानक देव जी के 550वें जन्मोत्सव तक पूरा करने की कोशिश की बात कही जा रही है। इस बैठक में भारत की ओर से संयुक्त सचिव एससीएल दास और दीपक मित्तल हिस्सा लेंगे। पाकिस्तान की ओर से साउथ एशिया सार्क के डायरेक्टर जनरल डॉ. मोहम्मद फैजल मौजूद होंगे।
देश के कई हिस्सों में बाढ़ के हालात, नेपाल में भी आफत
असम सहित देश के कई राज्यों में बाढ़ के हालात हैं। खासकर असम में लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। असम के प्रभावित जिलों में धेमाजी, लखीमपुर, बिस्वनाथ, नलबाड़ी, चिरांग, गोलाघाट, माजुली, जोरहाट, डिब्रूगढ़, नगांव, मोरीगांव, कोकराझार, बोंगाईगांव, बक्सा, सोनितपुर, दर्रांग और बारपेटा शामिल हैं। इसके अनुसार बारपेटा में हालत गंभीर है जहां 85,000 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। दूसरी ओर पड़ोसी देश नेपाल में अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 24 लोग लापता हैं और करीब 20 घायल हैं।
आईसीसी वर्ल्ड कप फाइनल
पिछले करीब डेढ़ महीने से जारी आईसीसी वर्ल्ड कप का समापन आज खिताबी मुकाबले के साथ हो जाएगा। वर्ल्ड कप फाइनल में खिताब के लिए इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीमें आममे-सामने होंगी। इंग्लैंड 1992 के बाद पहली बार फाइनल में है। वहीं, न्यूजीलैंड ने लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई है। दोनों ही टीमों ने कभी भी वर्ल्ड कप नहीं जीता है। ये वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की पहली भिड़ंत है। न्यूजीलैंड ने भारत को सेमीफाइनल में 18 रन से हराकर जबकि इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। इंग्लैंड ने अब तक तीन बार 1979, 1987 और 1992 में फाइनल में जगह बनाई है।
विंबलडन 2019 फाइनल- फेडरर और जोकोविच के बीच मुकाबला
ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के फाइनल में आज सर्बिया के नोवाक जोकोविच और स्विट्जरलैंड के स्टार खिलाड़ी रोजर फेडरर आमने-सामने होंगे। शीर्ष वरीयता प्राप्त और चार बार के चैंपियन जोकोविक अपने छठे विंबलडन और 25वें ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचे हैं। सेमीफाइनल में जोकोविच ने स्पेन के रॉबर्टो बातिस्ता आगुट को 6-2, 4-6, 6-3, 6-2 से मात दी। वहीं, दूसरी ओर 8 बार के चैंपियन 37 वर्षीय फेडरर 31वीं बार ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे हैं। फेडरर ने सेमीफाइनल में राफेल नडाल को 7-6 (7/3), 1-6, 6-3, 6-4 से हराया था।