मथुरा में बरसात के पानी में बहा तीन साल का बच्चा, 800 मीटर दूर मिला शव
By भाषा | Published: September 5, 2021 05:19 PM2021-09-05T17:19:16+5:302021-09-05T17:19:16+5:30
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गोवर्धन कस्बे के निकट गांव में नाले में भरे बारिश के पानी के बहाव में तीन साल का बच्चा बह गया। गोवर्धन थाने के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे ने बताया कि शनिवार की शाम मथुरा जिले सहित गोवर्धन क्षेत्र में कई घण्टे बहुत जोरदार बारिश हुई। उन्होंने बताया कि इसी बीच, गोवर्धन से करीब तीन किमी दूर आन्यौर गांव में बारिश बंद होने के बाद गंदोलाल का तीन साल का अबोध बालक प्रिंस खेलने के लिए घर के बाहर निकला और नाले के पानी के तेज बहाव में बह गया। उन्होंने बताया कि एक ग्रामीण ने यह देखकर बच्चे के घर वालों को बुलाया, लेकिन इतनी देर में बच्चा गहरे पानी में चला गया। बाद में गोताखोरों की मदद से बच्चे का शव घर से आठ सौ मीटर की दूरी पर बरामद किया गया। घटना से गुस्साए लोगों ने परिक्रमा मार्ग में जाम लगा दिया।पूर्व प्रधान मुकेश कौशिक ने कहा कि यह दुखद घटना जल निगम की लापरवाही से हुई है। गांव में काफी गहरी नालियां बना दी गई हैं और आगे नाला बंद है,जिसके कारण गांव में नाली और सड़क का पानी साथ बह रहा है और राह चलने वालों को नाली और सड़क का अंदाजा नहीं मिलता। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।