पटनाः बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से बिहार की डबल इंजन सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तो कुछ पता ही नहीं है कि राज्य में क्या हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिदिन हत्याएं हो रही हैं और सरकार का कोई इकबाल नहीं रह गया है। अपराधी पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं और जिसे मन कर रहा है, वह गोली मार दे रहा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में एक मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री हैं, लेकिन कोई भी यह जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है कि अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति को कैसे सुधारा जाए? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
एक शादी समारोह में दुल्हन को गोली मारने की घटना से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला करते हुए तेजस्वी ने कहा कि वे अपने राजनीतिक जीवन की सबसे कमजोर स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अब तक मुख्यमंत्री रहते हुए कभी गृह मंत्रालय किसी और को नहीं सौंपा था, लेकिन अब उनसे गृह मंत्रालय ले लिया गया है।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि इसके बाद राज्य में अपराध और बढ़ गया है और अपराधियों को सरकार से जुड़े लोगों का संरक्षण मिल रहा है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे को लेकर उठाए जा रहे घुसपैठ के मुद्दे पर भी तेजस्वी यादव ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर उठाया जा रहा है।
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी झारखंड और बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान घुसपैठ का मुद्दा केवल सियासी फायदे के लिए उठाया गया था। इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने देश की आर्थिक स्थिति पर भी केंद्र सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि आज देश का रुपया कमजोर हो रहा है और जब मन करता है तब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत पर टैरिफ लगा देते हैं, लेकिन सरकार को इससे कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाकर केवल राजनीतिक बयानबाजी में लगी हुई है।