Sam Pitroda Remark LIVE Update: बयान से सहमत नहीं, भारतीय लोगों पर कमेंट ठीक नहीं, राजद सांसद मनोज झा ने सैम पित्रोदा को लताड़ा
By एस पी सिन्हा | Published: May 9, 2024 02:58 PM2024-05-09T14:58:37+5:302024-05-09T14:59:29+5:30
Sam Pitroda Racist Remark LIVE Update: राजद सांसद मनोज झा ने सैम पित्रोदा को टिप्पणी के लिए आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हम में से कोई भी बयान के साथ नहीं हैं।
Sam Pitroda Racist Remark LIVE Update: कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की विवादित टिप्पणी के बाद छिड़े सियासी संग्राम के बीच कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियां खुद को इससे किनारे करते नजर आ रही हैं। इस बीच राजद ने भी अब सैम पित्रोदा की विवादित टिप्पणी की निंदा की है। राजद सांसद मनोज झा ने सैम पित्रोदा को उनकी टिप्पणी के लिए आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हम में से कोई भी सैम पित्रोदा के बयान के साथ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तक ने इसका खंडन किया है। हम इसकी घोर निंदा करते हैं। उत्तर दक्षिण पूरब पश्चिम मिलाकर भारत नाम की माला बनती है।
भारत की विविधता पर किसी को इस तरह की अशोभनीय टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। मनोज झा ने भाजपा को भी इस प्रकरण में विरोध करने को लेकर घेरा। उन्होंने कहा कि मैं इस प्रकरण पर प्रतिक्रिया देख रहा था। मैं पूछना चाहता हूं कि मणिपुर इसी देश की विविधता का हिस्सा है या नहीं।
साल भर से वहां तांडव मचा हुआ है और लड़कियां नग्न घुमाई गईं। प्रधानमंत्री के मुंह से आपने कुछ सुना क्या? क्यों टिप्पणी नहीं हो रही? उन्होंने कहा कि सोनिया जी के बारे में गिरिराज सिंह ने जो टिप्पणी की थी तब यदि प्रधानमंत्री को गुस्सा आया होता तो मैं कहता कि ये देश के प्रधानमंत्री हैं, पर ये तो दल से ऊपर उठ ही नहीं पा रहे हैं।
बता दें कि सैम पित्रोदा का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह भारत के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों की रंग-रूप की तुलना करते नजर आ रहे हैं। चीन और अफ्रीका के लोगों से भारत के अलग-अलग हिस्सों के लोगों की वो तुलना करते दिखे। जिसे लेकर कांग्रेस को सत्ता पक्ष ने निशाने पर लिया है। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने इस बयान से खुद को अलग कर लिया है।