मुख्यमंत्री ठाकरे के खिलाफ टिप्पणी पर राउत ने फडणवीस पर पलटवार किया
By भाषा | Published: November 28, 2020 04:48 PM2020-11-28T16:48:31+5:302020-11-28T16:48:31+5:30
मुंबई, 28 नवंबर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर अपने विरोधियों को ‘‘धमकाने’’ का आरोप लगाने पर शिवसेना के सांसद संजय राउत ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता देवेन्द्र फडणवीस पर पलटवार किया।
इससे पहले फडणवीस ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया था कि उन्होंने महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे को छोड़कर कोई ऐसा मुख्यमंत्री नहीं देखा जो विपक्ष को ‘‘इतना धमकाता’’ हो। उनका कहना था कि उनका (मुख्यमंत्री का) हाल में ‘सामना’ (शिवसेना के मुखपत्र) में दिया गया साक्षात्कार जिस संवैधानिक पद पर वह विराजमान हैं उसके मुताबिक नहीं है।
राउत ने कहा, ‘‘जब वह मुख्यमंत्री थे तो फडणवीस ने धमकी दी थी कि उनके पास सभी (राजनीतिक विरोधियों) की कुंडली है। यह किस तरह की भाषा है?’’
उन्होंने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की फडणवीस की मांग पर भी प्रहार किया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।