Rajya Sabha polls: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए रविवार को अपने 18 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिनमें केंद्रीय मंत्रियों पीयूष गोयल और निर्मला सीतारमण को क्रमश: महाराष्ट्र और कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया गया है।
इन 18 उम्मीदवारों में से छह उत्तर प्रदेश से हैं। पार्टी ने राज्य से दो महिलाओं दर्शना सिंह और संगीता यादव को मैदान में उतारा है। पार्टी ने महाराष्ट्र से तीन, कर्नाटक और बिहार से दो-दो और मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, झारखंड व हरियाणा से एक-एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा की।
हरियाणा से राज्यसभा सदस्य रहे भाजपा महासचिव दुष्यंत गौतम का नाम उम्मीदवारों की पहली सूची में नहीं है। पार्टी ने हरियाणा से पूर्व विधायक कृष्ण लाल पंवार को उम्मीदवार बनाया है। मध्य प्रदेश से कविता पाटीदार, राजस्थान से घनश्याम तिवारी और उत्तराखंड से कल्पना सैनी के नामों की घोषणा की गई है।
बिहार से पार्टी ने सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल को उम्मीदवार बनाया है। अनिल सुखदेवराव बोंडे और धनंजय महादिक को महाराष्ट्र से, झारखंड से आदित्य साहू जबकि जग्गेश को कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए राज्य में गोरखपुर शहरी सीट छोड़ने वाले भाजपा के पूर्व विधायक राधा मोहन दास अग्रवाल राज्यसभा के लिए पार्टी के उम्मीदवारों में शामिल हैं। भाजपा ने राज्य से पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व प्रमुख लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राज्यसभा के मौजूदा सदस्य सुरेंद्र सिंह नागर और उप्र पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष बाबूराम निषाद को भी उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने राज्य से दो महिलाओं दर्शना सिंह और संगीता यादव को भी चुनाव मैदान में उतारा है।
दर्शना पार्टी की महिला शाखा की पूर्व प्रमुख हैं जबकि संगीता गोरखपुर के चौरी चौरा से पार्टी की पूर्व विधायक हैं। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और विनय सहस्त्रबुद्धे के नाम भाजपा के उम्मीदवारों की पहली सूची में नहीं है। इन दोनों सदस्यों का भी कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
हरियाणा से राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा महासचिव दुष्यंत गौतम का नाम भी पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची में नहीं है। देश के 15 राज्यों से राज्यसभा की 57 सीटों के लिए चुनाव 10 जून को होंगे। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 31 मई है।