'कांग्रेस, RJD ने बिहार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई...', सिवान में बोले पीएम मोदी

By एस पी सिन्हा | Updated: June 20, 2025 15:00 IST2025-06-20T14:50:33+5:302025-06-20T15:00:31+5:30

PM Modi in Siwan:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "राजद और कांग्रेस की हरकतें बिहार विरोधी और निवेश विरोधी हैं। जब भी वे विकास की बात करते हैं, तो लोगों को दुकानों, कारोबारों, उद्योगों और अन्य प्रतिष्ठानों पर ताले लटके दिखाई देते हैं।"

Prime Minister Narendra Modi gave Bihar gift of schemes worth more than 10 thousand crores in Siwan | 'कांग्रेस, RJD ने बिहार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई...', सिवान में बोले पीएम मोदी

'कांग्रेस, RJD ने बिहार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई...', सिवान में बोले पीएम मोदी

PM Modi in Siwan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सीवान के जसौली से बिहार को हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं का तोहफा दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत भोजपुरी भाषा में की। भोजपुरी में पीएम मोदी ने कहा कि ’रउवा सब लोगन के प्रणाम करता नी... बाबा महेंद्र नाथ, बाबा हंसनाथ, सोगरा धाम, मां थावे भवानी, मां अंबिका भवानी, प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद औउरी लोकनायक जयप्रकाश नारायण के पावन भूमि पर रउवा सबके अभिनंदन करता नी... इसके बाद पीएम मोदी ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ मंच पर विराजमान सभी सम्मानित नेताओं और जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि सीवान की धरती हमारे स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरक स्थली है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को 10 हजार करोड़ से अधिक योजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए डबल इंजन सरकार प्रतिबद्ध है। आज सीवान से हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण कर अत्यंत प्रसन्न हूं।

उन्होंने कहा कि उन्हें अभी बिहार के लिए बहुत कुछ करना है। राजद और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पंजे और लालटेन वालों ने मिलकर बिहार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाया। इनके कारण गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गया। लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार अब विकास कर रहा है। उसके बाद भी बिहार के लिए अभी बहुत कुछ करना है और वे इस दिशा में काम करेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के लोग काफी मेहनती होते हैं। बिहार के लोगों का स्वाभिमान का काफी ऊंचा होता है। बिहार के लोग स्वाभिमान के साथ समझौता नहीं करते हैं। बिहार में लालटेन और पंजे वाले लोगों की वजह से बिहार के लोगों को काफी कुछ सहना पड़ा। लेकिन, नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार में एनडीए की सरकार में काफी काम हुआ है। लेकिन, मोदी इतने से चुप नहीं होने वाला है। मैं बिहार को अभी और तोहफे देना चाहता हूं।

उन्होंने कहा कि हाल ही में वे विदेश यात्रा से लौटे हैं। भारत जल्द ही महाशक्ति बनेगा। इसमें बिहार की बड़ी भूमिका होगी। बिहार समृद्ध होगा, तभी देश विकसित होगा। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के नौजवानों ने तो 20 साल पहले की बदहाली सिर्फ किस्सों और कहानियों में ही सुनी है, उन्हें बहुत अंदाजा नहीं है कि जंगलराज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी। जिस बिहार ने सदियों तक भारत को नेतृत्व दिया उसको पंजे और लालटेन के शिकंजे ने पलायन का प्रतीक बना दिया था। इन लोगों ने ऐसी लूट घसोट मचाई कि गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गई। अनेक चुनौतियों को पार करते हुए नीतीश जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार को विकास की पटरी पर वापस लाई है। मैं बिहार वासियों को विश्वास देने आया हूं कि हमने भले ही बहुत कुछ किया हो, करते रहे हों और करते रहेंगे, लेकिन इतने से भी शांत होने वाला मोदी नहीं है।

उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस की करतूतें बिहार विरोधी हैं। ये निवेश विरोधी हैं। जब भी ये लोग अपने मुंह से विकास की बात करते हैं, तो लोगों को दुकान, कारोबार, उद्योग-धंधे सब में ताले लटकते नजर आते हैं। इसलिए ये बिहार के नौजवानों के दिल में कभी भी जगह नहीं बना पाए। उन्होंने कहा कि हम कहते हैं सबका साथ-सबका विकास और लालटेन वाले केवल अपने परिवार के विकास का काम करते हैं। 

वहीं, राजद प्रमुख लालू यादव पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राजद वालों ने बाबा साहेब अम्बेडकर का कैसा अपमान किया यह पूरे देश ने देखा। उनका इशारा लालू यादव के जन्मदिन पर अम्बेडकर की तस्वीर को उनके पैरों में रखने पर था। उन्होंने कहा राजद-कांग्रेस वाले अम्बेडकर को अपने पैरों में रखते हैं, लेकिन मोदी उन्हें अपने दिल में रखता है।

उन्होंने कहा कि लालू यादव से माफ़ी मांगने वाले पोस्टर भी लगे, लेकिन ये लोग माफ़ी नहीं मांगेंगे। ऐसे में दलितों सहित पूरे बिहार के लोगों से उन्होंने अपील की कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित भारत का इंजन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में 4 करोड़ लोगों को पक्का घर मिला है, जबकि अकेले 57 लाख लोगों को बिहार में पक्के घर का लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि सीवान की ये धरती हमारे स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरक स्थली है। ये हमारे लोकतंत्र को, देश को, संविधान को ताकत देने वाली भूमि है। लालू-राबड़ी शासनकाल को जंगलराज करार देते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग एक बार फिर से बिहार के संसाधनों पर कब्जा करने का सपना देखा है। ऐसे में इनसे सावधान रहने की जरूरत है। बिहार की समृद्धि में इन्हें बाधक नहीं बनने देना है।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में बिहार में करीब 55 हजार किमी ग्रामीण सड़कें बनी हैं। 1.5 करोड़ से अधिक घरों को बिजली के कनेक्शन से जोड़ा गया है। 1.5 करोड़ घरों को पानी का कनेक्शन दिया गया है। 45 हजार से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर बनाए गए हैं। बिहार की प्रगति के लिए हमें ये गति लगातार बढ़ाते रहना है।

पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के इतने दशकों में भी इतने लोग गरीब थे। नारे गूंजते रहे और गरीबी बढ़ती रही। देशवासियों की मेहनत में कोई कमी नहीं थी। लेकिन उनके सामने आगे बढ़ने का कोई रास्ता नहीं था। कांग्रेस ने लंबे समय तक देश को गरीब रखा और गरीब को अति गरीबी में झोंक दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजद के राज में गरीब को घर नहीं मिलता था। राशन बिचौलिए खा जाते थे। इलाज गरीब की पहुंच से दूर था। पढ़ाई और कमाई के लिए संघर्ष था। बिजली और पानी का कनेक्शन के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे। गैस कनेक्शन के लिए सांसदों की सिफारिश लगानी पड़ती थी। नौकरी बिना घूस और सिफारिश के मिलती ही नहीं थी। इनके सबसे बड़े भुक्तभोगी मेरे दलित, पिछड़े, अति पिछड़े भाई-बहन थे। इनको सपने दिखाकर खुद कुछ परिवार करोड़पति-अरबपति हो गए। हमारी सरकार गरीब की मुश्किलों को दूर करने में जुटी है। इतनी मेहनत के अच्छे परिणाम आज देखने को मिल रहे हैं।

सीवान की धरती से पीएम मोदी ने 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, जिसमें पटना-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन, सीवान और सासाराम में सीवरेज नेटवर्क, आरा और सीवान में जलापूर्ति परियोजनाएं, और पीएम आवास योजना के तहत 53,666 बेघर लोगों को पहली किस्त शामिल है।

पीएम मोदी ने बिहार के विभिन्न शहरों में 5900 करोड़ रुपये की लागत के तहत नमामि गंगे परियोजना से जुड़ीं सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और जलापूर्ति के विभिन्न प्रोजेक्ट का शिलान्यास और लोकार्पण किया। सीवान की धरती से पीएम मोदी ने कुल 28 परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। 

सीवान पहुंचने पर पीएम मोदी एक खुली जीप से रैली के मंच तक पहुंचे। पीएम मोदी के साथ जीप में एक तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तो दूसरी तरफ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी थे। सभी नेता जनता के बीच से होते हुए मंच तक पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही पीएम मोदी का सम्मान किया गया।

यह बीते 3 महीने में पीएम मोदी का तीसरा बिहार दौरा है। इस बार पीएम मोदी का कार्यक्रम राजद के गढ़ कहे जाने वाले सीवान में आयोजित किया गया। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में, पीएम मोदी का सीवान दौरा एनडीए के लिए कई मायनों में अहम है। पीएम मोदी के कार्यक्रम में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावे राज्य के मंत्रियों के साथ-साथ कई केंद्रीय मंत्री मौजूद थे।

वहीं, जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को हृदय से बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि पहले वाले के राज में क्या था, शाम में कोई घऱ से बाहर निकला था, आज वो लोग प्रचार-प्रसार करता है। पहले वाले ने महिलाओं के लिए कुछ किया था, हमने महिलाओं के लिए काफी काम किया। आरक्षण दिया। जब से काम करने का मौका मिला, तब से बिहार को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार के लिए काफी काम किया है। सभी लोगों को बधाई देनी चाहिए। 2024 के बाद मोदी सरकार ने बिहार के लिए कई बड़ी घोषणाएं की है,काम शुरू है। इन्होंने जातीय आधारित गणना कराने का निर्णय लिया है। आप सबी लोग हाथ जोडकर प्रधानमंत्री को जवाब दीजिए कि इन्होंने कितना बड़ा काम किया है। बिहार बहुत आगे बढ़ जायेगा, कोई पीछे नहीं रहेगा।

उल्लेखनीय है कि सीवान को कभी राजद के दिग्गज नेता और बाहुबली मोहम्मद शहाबुद्दीन का गढ़ माना जाता था, बिहार की सियासत में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यह क्षेत्र राजद का मजबूत आधार रहा है, जहां लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव की पकड़ मजबूत मानी जाती है। लेकिन हाल के वर्षों में, खासकर 2014 के बाद से, भाजपा और एनडीए ने इस क्षेत्र में अपनी पैठ बनानी शुरू की है।

पीएम मोदी का यह दौरा न केवल विकास योजनाओं की सौगात देने का अवसर है, बल्कि राजद के इस गढ़ में सेंध लगाने की रणनीति भी माना जा रहा है। वहीं सीवान से सटा गोपालगंज जिला राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव का गृह जनपद है। इन दोनों जिलों की 24 विधानसभा सीटें महागठबंधन, खासकर राजद, के लिए मजबूत आधार रही हैं।

2020 के विधानसभा चुनाव में राजद ने इस क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए ने सीवान, गोपालगंज, और सारण की चारों लोकसभा सीटें जीतकर अपनी ताकत दिखाई थी। पीएम मोदी की यह रैली अब इन क्षेत्रों में एनडीए की पकड़ को और मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।

Web Title: Prime Minister Narendra Modi gave Bihar gift of schemes worth more than 10 thousand crores in Siwan

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे