'जनसंख्या नियंत्रण कानून नहीं बना तो राम मंदिर 50 साल भी सुरक्षित नहीं रहेगा', प्रवीण तोगड़िया बोले- आबादी में असंतुलन चिंताजनक
By शिवेंद्र राय | Published: January 30, 2023 03:21 PM2023-01-30T15:21:33+5:302023-01-30T15:23:07+5:30
प्रवीण तोगड़िया ने अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद का उद्देश्य बताते हुए कहा कि जैसे भगवान राम को सुंदर मन्दिर मिला, वैसे ही हर हिन्दू को सुंदर घर मिले।

अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया रविवार शाम उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में थे। इस दौरान प्रवीण तोगड़िया ने राम मंदिर, जनसंख्या नियंत्रण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बनी बीबीसी की विवादित डाक्यूमेंट्री सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
जनसंख्या नियंत्रण कानून को बेहद जरूरी बताते हुए प्रवीण तोगड़िया ने कहा, "बहुत कोशिशों के बाद राम मंदिर बन रहा है और अगर जनसंख्या नियंत्रण कानून नहीं लाया गया तो फिर 50 साल बाद राम मंदिर सुरक्षित नहीं रहेगा।"
प्रवीण तोगड़िया ने अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद का उद्देश्य बताते हुए कहा कि जैसे भगवान राम को सुंदर मन्दिर मिला, वैसे ही हर हिन्दू को सुंदर घर मिले। इसके लिए हम हिन्दू ही आगे का लक्ष्य रख कर काम कर रहे हैं। संगठन इस बात को लेकर भी सक्रिय रूप से काम कर रहा है कि लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों को उनकी फसल की अच्छी कीमत मिले।
प्रवीण तोगड़िया ने लगातार जारी रामचरित मानस विवाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बनी बीबीसी की विवादित डाक्यूमेंट्री पर भी अपनी राय रखी। रामचरितमानस को लेकार चल रहे विवाद के बारे में उन्होंने कहा, "कुछ लोग पब्लिसिटी के लिए राम और रामचरितमानस का विरोध कर रहे हैं। करोड़ों लोगों के दिल में राम और रामचरित मानस है। इस तरह की बातें करने वालों को नजरअंदाज करिए, वो इस तरह की बातें लोकप्रियता पाने के लिए कर रहे हैं। ऐसे लोगों को तवज्जो नहीं दी जानी चाहिए."
बीबीसी की विवादित डाक्यूमेंट्री पर प्रवीण तोगड़िया ने कहा, "बीबीसी को डाक्यूमेंट्री बनाने का अधिकार है। बीबीसी को गोधरा ट्रेन कांड पर भी डाक्यूमेंट्री बनानी चाहिए।" इसके अलावा वाराणसी के ज्ञानवापी विवाद पर तोगड़िया ने कहा कि ज्ञानवापी में मंदिर था और ये साबित हो चुका है। वहां बाबा विश्वनाथ की पूजा जल्द शुरू की जानी चाहिए।
प्रवीण तोगड़िया ने अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के जरिए चलाए जा रहे अपने अभियान को देश में हिंदुओं को समृद्ध और सुरक्षित बनाने की पहल बताया।